फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: दो साल बाद मिली नगर परिषद की नई हाइड्रोलिक सीढ़ी के खड़े-खड़े कटे टायर

Sun, 19 Jul 2026 10:45 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
फतेहाबाद के भट्टू रोड पर छाया अंधेरा संवाद
विज्ञापन
फतेहाबाद। नगर परिषद की हाइड्रोलिक सीढ़ी एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। करीब दो साल बाद एजेंसी से दोबारा मिली सीढ़ी अभी तक उपयोग में भी नहीं आई थी कि उसके टायर कट गए। पहले ऊंचाई कम होने और टायर फटने के कारण सीढ़ी वापस भेजी गई थी। अब नई सीढ़ी की स्थिति ने भी नगर परिषद की परेशानी बढ़ा दी है।
विज्ञापन

नगर परिषद परिसर में खड़ी हाइड्रोलिक सीढ़ी के टायर खराब मिलने के बाद इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि सीढ़ी में खींचने के लिए हैंडल भी नहीं लगाया गया है। ऐसे में एक बिजली पोल से दूसरे तक इसे ले जाना आसान नहीं होगा। शहर में अधिकांश पोल के बीच 30 से 35 फीट की दूरी है। इस कारण सीढ़ी का उपयोग व्यावहारिक रूप से चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।
करीब दो वर्ष पहले भी नगर परिषद को इसी प्रकार की हाइड्रोलिक सीढ़ी मिली थी। उस समय सात दिन के भीतर ही उसके टायर फट गए थे और सीढ़ी अपेक्षित ऊंचाई तक नहीं पहुंच पा रही थी। खामियां मिलने के बाद नगर परिषद ने उसे एजेंसी के पास वापस भेज दिया था। अब दोबारा मिली सीढ़ी भी शुरुआत में ही विवादों में आ गई है।
विज्ञापन


150 वाट की 450 लाइटें खराब, पत्राचार में उलझे अधिकारी
शहर के प्रमुख मार्गों पर लगाए गए 150 वाट के एलईडी स्ट्रीट लाइटों में भी बड़ी संख्या में खराबी बनी हुई है। नगर परिषद ने पहले सोडियम लाइटों की जगह एलईडी लगवाई थीं लेकिन इनमें से करीब 450 लाइटें बंद पड़ी हैं। वारंटी अवधि के दौरान कंपनी को इन्हें बदलना था लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ। नगर परिषद और कंपनी के बीच लगातार पत्राचार चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इसी सप्ताह कंपनी नई लाइटें उपलब्ध कराएगी। फिलहाल भट्टू रोड, भूना रोड तथा अन्य प्रमुख मार्गों पर कई लाइटें पिछले दो माह से बंद पड़ी हैं जिससे रात के समय लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
-
शहर में साढ़े सात हजार स्ट्रीट लाइटें, हर साल लाखों रुपये मरम्मत पर खर्च
फतेहाबाद शहर में नगर परिषद की करीब साढ़े सात हजार स्ट्रीट लाइटें लगी हैं। इनमें से लगभग साढ़े तीन हजार एलईडी लाइटें तीन वर्ष पहले बदली गई थीं। उस समय फतेहाबाद, रतिया और टोहाना शहरों में भी नई लाइटें लगाई गई थीं। नगर परिषद हर वर्ष स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का काम ठेके पर कराता है। इस कार्य पर करीब 27 लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। इसके बावजूद शहर में खराब लाइटों और उपकरणों की समस्या लगातार बनी हुई है।
-
45 वाट की लाइटों को बदलवाया जा चुका है। इसके अलावा 150 वाट की लाइटों को इसी सप्ताह बदलवा दिया जाएगा। कंपनी के अधिकारियों से इस संबंध में बात हो चुकी है। हाइड्रोलिक सीढ़ी के टायर के साथ हो सकता है किसी ने शरारत की होगी फिर भी चेक करवाया जाएगा।
विज्ञापन

- नरेंद्र कुमार, जेई, नगर परिषद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें