घग्गर नदी का निरीक्षण करते हुए सांसद कुमारी सैलजा : संवाद
- फोटो : samvad
रतिया। लगातार हो रही बारिश और घग्गर नदी के बढ़ते जलस्तर से खेतों और गांवों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इसी के मद्देनजर शनिवार दोपहर बाद सिरसा सीट से सांसद, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव व पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने बुढलाडा रोड स्थित घग्गर नदी पुल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
इस मौके पर सांसद सैलजा ने प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बारिश और बाढ़ से किसानों की फसलें तबाह हो चुकी हैं और ग्रामीण भारी परेशानी में हैं, लेकिन न तो कोई राहत पहुंचाई जा रही है और न ही बचाव के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से कोई ठोस तैयारी नहीं दिख रही और लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है, जो अत्यंत चिंताजनक और निंदनीय है।
सैलजा ने कहा कि स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है, ऐसे में सरकार को तत्काल राहत व बचाव कार्य तेज करने चाहिए। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अरविंद शर्मा, जयपाल लाली, मंगतराम लालवास, सुभाष बिश्नोई समेत अन्य कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।