फतेहाबाद। सुशासन दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक लेते हुए उपायुक्त डॉ. विवेक भारती।
फतेहाबाद। उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने कहा कि सुशासन दिवस के अवसर पर 25 दिसंबर को सुबह 10 बजे स्थानीय डीपीआरसी सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हो रहे राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में किया जाएगा।
उपायुक्त डॉ. विवेक भारती बुधवार को लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में सुशासन दिवस की तैयारियों के लिए अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। उपायुक्त ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा मुख्यातिथि होंगी। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में पूर्व विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली, सिरसा लोकसभा क्षेत्र की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल व पूर्व विधायक दुड़ाराम विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
उपायुक्त ने इन कार्यक्रमों को गरिमामयी रूप से मनाने के निर्देश देते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। सरकारी कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए यह कार्यक्रम अति महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के लिए व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके लिए उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि सांस्कृतिक कार्यक्रम भव्य एवं मर्यादापूर्ण होने चाहिए।
बैठक में एडीसी अनुराग ढालिया, एसडीएम राजेश कुमार, सीटीएम गौरव गुप्ता, डीईओ संगीता बिश्रोई, डीएफएससी विनीत जैन, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के उप निदेशक अमित पंवार, एक्सईएन बलविंदर नैन, एडीआईओ प्रीति सहित संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।