फतेहाबाद पुलिस द्वारा पकड़े गए चोर गिरोह के सदस्य और बरामद मोटरसाइकिल।
- फोटो : Fatehabad
शहर पुलिस ने राजस्थान और हरियाणा के अलग-अलग जिलों में मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड और उसके गुर्गों को पकड़ा है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 11 मोटरसाइकिल भी बरामद की है। आरोपियों की पहचान अबूबशहर निवासी दिनेश, सुरेंद्र, संदीप तथा फतेहाबाद के ढाणी ठोबा निवासी नाबालिग के रूप में हुई है। दिनेश व सुरेंद्र सगे भाई है तथा नाबालिग इनकी बुआ का बेटा है। इसके अलावा संदीप इन्हीं के गांव का रहने वाला है।
डीएसपी दलजीत सिंह व शहर थाना प्रभारी सुरेंद्र कंबोज ने बताया कि 24 जनवरी को ढाणी ठोबा के पास से सिरसा के अबूबशहर निवासी सुरेंद्र को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया था। इस दौरान आरोपी से पुलिस ने मॉडल टाऊन में एकेडमी के बाहर व बस स्टैंड फतेहाबाद से चोरी हुई दो मोटरसाइकिल बरामद की। दोनों मोटरसाइकिल आरोपी की बुआ के घर ढाणी ठोबा से बरामद किए की गई। चोरी मामले में नाबालिग बुआ के बेटे को भी जांच में शामिल जांच किया गया। नाबालिग से पुलिस ने एमसी कॉलोनी फतेहाबाद से चुराई मोटरसाइकिल बरामद की और उसे बाल सुधार गृह भेज दिया। रिमांड के दौरान पूछताछ के आधार पर बस स्टैंड चौकी इंचार्ज एसआई महेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सिरसा रोड स्थित नई अनाज मंडी के पास गश्त के दौरान अबूबशहर निवासी दो युवकों संदीप व आरोपी सुरेंद्र के भाई दिनेश कुमार को एक चोरी के मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया। दिनेश ने बताया कि उसने यह मोटरसाइकिल जनवरी में संगरिया मंडी से चोरी की था और वे इसे बेचने के लिए जा रहे थे। डीएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी दिनेश ने संगरिया, अबूबशहर व मंडी डबवाली से मोटरसाइकिल चोरी की अनेक वारदातों को अंजाम देने की भी बात कुबूली है। पुलिस ने डबवाली से तीन और संगरिया से चार मोटरसाइकिल बरामद की है। डीएसपी ने बताया कि पुलिस अब सुरेंद्र व दिनेश को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। इस कार्रवाई में बस अड्डा चौकी इंचार्ज एसआई महंद्र सिंह, एएसआई सुरेंद्र कुमार, एएसआई दयाराम, एचसी सुरेंद्र, एचसी ज्योति प्रसाद, गोपाल व विनोद शामिल रहे।
तीन दिन के रिमांड पर भेजा आरोपी दिनेश : पकड़े गए तीन आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से आरोपी दिनेश को पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। इसके अलावा आरोपी सुरेंद्र और संदीप को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। - दलजीत सिंह, डीएसपी।