फतेहाबाद। दो साल से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी फतेहाबाद के पुराना बस स्टैंड से नए बस स्टैंड तक कोई भी लोकल बस सेवा शुरू नहीं हो पाई है। जिस कारण यात्रियों पर आर्थिक भार पड़ रहा है।
बता दें कि नया बस स्टैंड शहर से करीब 6 किलोमीटर बाहर बनाया गया है। जिस कारण दिल्ली, चंडीगढ़, गुरुग्राम आदि जैसे लंबे रूट पर जाने वाली सवारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के बारे में स्कूलों व काॅलेजों में जाने वाले विद्यार्थियों व सामाजिक संगठनों के लोगों ने उपायुक्त व जन प्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर लोकल बस सेवा शुरू की मांग की है। लेकिन अभी तक कोई भी स्पेशल बस लोकल रूट पर नहीं चली है।
वहीं, इसके आधार पर प्रशासन ने हल निकालते हुए कुछ बसों को पुराना बस स्टैंड से होकर जाने के निर्देश जारी किए हैं। रोडवेज विभाग की ओर से शाम 7 से सुबह 7 बजे तक सभी बसों को शहर के पुराना बस स्टैंड से होकर गुजरने के आदेश हैं। मगर इस बीच दिन के समय यात्रियों के लिए कोई भी स्पेशल बस पुराना बस स्टैंड से नए बस स्टैंड तक जाने के लिए नहीं हैं। वहीं रोडवेज अधिकारियों की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए फतेहाबाद डिपो की सभी बसें शहर के अंदर से होकर जाती हैं।
ऑटो व ई-रिक्शा चालक वसूलते हैं मनमर्जी का किराया
- पुराना बस स्टैंड से नए बस स्टैंड तक लोकल बस सेवा नहीं होने के कारण सवारियों को नए बस स्टैंड जाने के लिए ऑटो या ई-रिक्शा का सहारा ही लेना पड़ता है। इस दौरान ऑटो व ई-रिक्शा चालक गैर समय में यात्रियों से मनमर्जी के रेट वसूलते हैं। बस में पुराना बस स्टैंड से नए बस स्टैंड का किराया मात्र 5 रुपये है, लेकिन ऑटो चालक 20 रुपये वसूलते हैं।
-
सुबह व शाम के समय कर्मचारियों को होती है दिक्कत
- फतेहाबाद के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारी संदीप सिवाच, सुनील कुमार, शशि सांगवान आदि ने बताया कि सुबह 9 बजे व शाम 5 बजे काफी दिक्कत होती है। कार्यालय में आने के लिए उन्हें ई-रिक्शा का सहारा लेना पड़ता है। जिस कारण समय की बर्बादी के साथ उन पर अलग से आर्थिक भार पड़ता है। लोकल बस सेवा शुरू होगी तो कर्मचारियों को कार्यालय पहुंचने में सुविधा होगी और पैसे भी बचेंगे।
फतेहाबाद के पुराना बस स्टैंड से नए बस स्टैंड तक लोकल बस सेवा शुरू होनी चाहिए, बस शुरू होने से यात्रियों को काफी फायदा होगा। गर्मी के मौसम में 6 किलोमीटर दूर जाने में काफी दिक्कत होती है।
- हरदीप सिंह, अध्यक्ष, जिंदगी संस्था।
फतेहाबाद डिपो की सभी बसें शहर से होकर जाती है। अगर यात्रियों की स्पेशल बस चलाने के लिए मांग है तो उसके अनुसार बस चला दी जाएगी। यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो उसको लेकर प्रयासरत हैं।
- सुभाष ढांड, संस्थान प्रबंधक, रोडवेज फतेहाबाद।