टोहाना। गांव अमानी से कुछ दूरी पर सोमवार सुबह साढ़े दस बजे के करीब निजी बस अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 17 महिलाओं और एक बच्चा समेत 28 यात्री घायल हो गए हैं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवाया।
हादसे में जान गंवाने वालों में होमगार्ड जवान बलविंद्र सिंह (30) डिफेंस कॉलेज में एमए की छात्रा बोहती (21) और बुजुर्ग मोनी देवी (30) शामिल है। मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया कि बस को चालक के बजाय परिचालक चला रहा था और वह मोबाइल फोन पर बात भी कर रहा था। परिजनों ने दाेनों पर शराब के नशे में होने के भी आरोप लगाए हैं। वहीं हादसे की सूचना मिलने के बाद डीएसपी जयभगवान, शहर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह, सदर थाना प्रभारी बीर सिंह, सीआईए इंचार्ज संदीप मोर, भूना थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे।
-
ऐसे हुए हादसा
विशाल टूर एंड ट्रेवल्स कंपनी की बस फतेहाबाद से टोहाना के लिए रवाना हुई। इसमें करीब 60 से अधिक यात्री सवार थे। लोगों के अनुसार गांव चंदड़ से पहले चालक लखविंदर ने बस परिचालक जयविंद्र लहरिया को चलाने के लिए दे दी। बस चलाने के दौरान जयविंद्र का फोन आ गया और वह बस चलाते हुए फोन पर बात करने लगा। बात करते-करते बस ओवरस्पीड हो गई जिससे वह उस पर नियंत्रण नहीं रख सका और पलट गई। बस के पलटते ही चीख पुकार मच गई। दूसरी तरफ लोगों को संभालने के बजाय चालक और परिचालक दाेनों मौके से भाग गए। वहीं हादसे की सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम एसआई राजेश के नेतृत्व में सबसे पहले पहुंची मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलाें को बचाने का अभियान शुरू किया गया। इस दौरान राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला भी मौके पर पहुंचे ओर अपनी गाड़ी लोगाें की मदद में लगा दी।
ग्रामीणों ने लगाया जाम
इस दौरान गांव भोडि़या खेड़ा के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे तथा चालक-परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्य रोड पर जाम लगाया है। इस दौरान वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिसके चलते ट्रैफिक पुलिस ने गांव अमानी के की तरफ जाने वाले रोड के पास से रूट को डायवर्ट कर दिया। गांव भोडिया खेड़ा के पूर्व सरपंच सतपाल सिंह ने बताया कि यह बस पूरी तरह से भरी हुई थी ओर चालक फोन पर बात कर रहा था। उन्होंने कहा कि इस हादसे में उनके गांव के पंच सुखदेव की बेटी की मृत्यु हुई है। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नही किया जाता तो जाम नही खोलेंगे। प्रत्यक्षदर्शी अमानी निवासी सतनाम सिंह ने बताया कि वह अपनी माता के साथ जा रहा था तभी उसने देखा कि बस ओवरस्पीड से आ रही थी जो खेत से पलट गई। इस दौरान चालक-परिचालक मौके से भाग गए। उन्हाेंने बताया कि यह हादसा चालक की लापरवाही से हुआ है।
-
::: बस पलटने से हुए हादसे में आरोपी चालक व परिचालक के खिलाफ केस दर्ज कर काबू कर लिया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
-जयभगवान, डीएसपी टोहाना।