रतिया। विधायक सरदार जरनैल सिंह ने सोमवार को क्षेत्र के कई गांवों का दौरा कर करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। विधायक का दौरा सुबह 10 से शाम 5 बजे तक चला। इस दौरान वे भूंडवास, रतनगढ़, मिराना, प्लांट, बलियाला, बोडा, खाई, महमदकी, पिलछियां, लधुवास, सरदारेवाला, नंगल, लठेरा, बाह्मणवाला, रोझांवाली गांवों में पहुंचे।
विधायक ने दौरे के दौरान गांवों में सड़क, नाली, चौपाल, आंगनबाड़ी, श्मशान घाट और पेयजल से जुड़े करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरे किए जाएं।
बलियाला गांव में विधायक ने जिला योजना वर्ष 2025-26 के तहत एससी चौपाल के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस कार्य पर 11.50 लाख रुपये खर्च होंगे। शिलान्यास के समय गांव के सरपंच परवीन कुमार के साथ उपमंडल अधिकारी कुलदीप सिंह और पंचायत अधिकारी अनिल कुमार भी उपस्थित रहे।
विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि रतिया हलके का चहुंमुखी विकास उनकी प्राथमिकता है। सरकार गांवों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता की मांग पर और भी विकास कार्य करवाए जाएंगे। इस अवसर पर बीडीपीओ अनिल बिश्नोई, एसडीओ अशोक पानू, एसडीओ कुलदीप सिंह, जेई संदीप, सदर थाना अध्यक्ष शीशपाल सिंह, सरपंच सतपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
कस्तूरबा गांधी विद्यालय में विधायक ने सुविधाएं बढ़ाने का दिया भरोसा
रतिया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय खाई में विधायक जरनैल सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश दिया।
विद्यालय में पहुंचने पर विधायक जरनैल सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय खाई की किसी भी समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
विद्यालय स्टाफ, एसएमसी कमेटी की ओर से विधायक के समक्ष विभिन्न मांगें रखी गईं। इनमें 10 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगवाना, डिजिटल बोर्ड उपलब्ध करवाना, विद्यालय के मुख्य गेट को ऊंचा करवाना, चहारदीवारी को ऊंचा करके फेंसिंग करवाना तथा स्ट्रीम के तहत ब्यूटी एंड वेलनेस ट्रेड शुरू करवाना प्रमुख मांगें रहीं
। विधायक जरनैल सिंह ने इन मांगों पर आश्वासन दिया कि अगले दो माह के अंदर विद्यालय की इन सभी समस्याओं का समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर प्राचार्य अबनीश गर्ग, साहित्यकार डॉ. नैब सिंह मंडेर, प्रवक्ता चरणजीत सिंह, सुनीता मोंगा, वार्डन महेशी आदि ने मुख्य अतिथि को सम्मानित किया।