फतेहाबाद। मिशन बुनियाद में प्रवेश के लिए शिक्षा विभाग अब तीसरे चरण की परीक्षा लेने जा रहा है। जिला मुख्यालय के पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 15 अप्रैल को विभाग 429 विद्यार्थियों की तीसरे चरण की परीक्षा लेगा।
इसके अलावा ओरिएंटेशन कार्यक्रम भी आयोजित होगा। इसमें विद्यार्थियों के अभिभावक और पहले कोचिंग ले रहे विद्यार्थी भी शामिल किए जाएंगे। करीब एक हजार लोगों के खाने-पीने व अन्य कार्यक्रम के लिए विभाग की तरफ से 75 हजार रुपये का बजट जारी किया गया है। शिक्षा विभाग पहले दो चरणों की परीक्षा ले चुका है। दूसरे चरण की परीक्षा में 423 विद्यार्थी पास हुए थे। तीसरे चरण की परीक्षा के बाद इसमें चयनित को जिले के पांच केंद्रों पर दो साल तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाएगी।
-
जिले में ये हैं केंद्र
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फतेहाबाद
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूना
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भट्टूकलां
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रतिया
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टोहाना
-
3897 विद्यार्थियों ने किया आवेदन
मिशन बुनियाद के तहत शिक्षा विभाग ने जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों से आवेदन मांगे थे। जिले से 3897 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। पहले चरण की परीक्षा 3230 विद्यार्थियों ने दी थी। इसमें चयनित ने दूसरे चरण की परीक्षा दी थी और उसमें 429 विद्यार्थी पास हुए थे। अब तीसरे चरण की परीक्षा में पास होने वाले विद्यार्थियों की 30 अप्रैल को काउंसिलिंग के बाद केंद्र अलॉट होंगे।
-
मिशन बुनियाद के तहत तीसरे चरण की परीक्षा ली जा रही है। 15 अप्रैल को ये परीक्षा होगी। इसके अलावा ओरिएंटेशन कार्यक्रम होगा। मेधावी विद्यार्थियों के आगे बढ़ने के लिए शिक्षा विभाग की यह बेहतर योजना है।
- मुकेश मेहता, जिला विज्ञान विशेषज्ञ