फतेहाबाद। एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने शहर के हंस कॉलोनी से नाबालिग को 40 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी नाबालिग व सप्लायर मुबारिक खान निवासी हंस काॅलोनी फतेहाबाद दोनों के खिलाफ थाना शहर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। एवीटी स्टाफ प्रभारी कप्तान सिंह ने बताया कि एवीटी स्टाफ की टीम एसआई वेदपाल के नेतृत्व में गश्त पर थी।
टीम जब भोडियाखेड़ा महिला कॉलेज के पास पहुंची तो उन्हें सूचना मिली कि एक नाबालिग नशीला पदार्थ बेचने का काम करता है। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां एक नाबालिग खड़ा मिला। टीम ने नियमानुसार तलाशी ली तो उसके पास से 40.30 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस पर पुलिस ने नाबालिग से पूछताछ की। प्राथमिक पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि वह मुबारिक खान निवासी हंस कॉलोनी फतेहाबाद से यह हेरोइन बेचने के लिए खरीद कर लाया था।