टोहाना। गांव कन्हडी में शनिवार देर रात पिता ने अपने नाबालिग बेटे सचिन (16) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। सचिन तीन बहनों का इकलौता भाई था, जो कि दसवीं का छात्र था। शहर पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की माता ने हत्या की वजह घरेलू कलह बताया है। वहीं, सीन ऑफ क्राइम की टीम ने डॉ. जोगिंदर के नेतृत्व में पहुंचकर मामले की जांच की।
पुलिस को दिए बयान में मृतक सचिन की मां मायावती ने बताया कि खेतीबाड़ी करती है। उसके चार बच्चे हैं, जिनमें तीन लड़कियां तथा सचिन सबसे छोटा था। शनिवार रात करीब आठ बजे किसी बात को लेकर सचिन और उसके पिता दलबीर सिंह में झगड़ा हुआ था। उसने दोनों को शांत करवाया। इसके बाद मकान के ऊपर के कमरे में अपनी बेटियों के साथ सोने चली गई। उसका बेटा और पति मकान के बैठक में सो गए। रविवार तड़के करीब 3 बजे उसके पति ने उसे बताया कि उसने सचिन को चोट मारकर उसकी हत्या कर दी है। उसने बताया कि वह एकदम से डर गई अैर अपने पास सोई बेटी मनप्रीत, अंजू व उषा को उठाया। उसने बताया कि सभी ने जब बैठक में जाकर देखा तो पाया कि सचिन चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा था। मायावती ने बताया कि उसने अपने जेठ के बेटे साहिल को बताया और वे एंबुलेंस लेकर सरकारी अस्पताल में आ गए, जहां चिकित्सकों ने उसके बेटे को मृत घोषित कर दिया है।
कोट
उनके पास नागरिक अस्पताल से एक किशोर का शव आने की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे मौके पर आए तथा मृतक सचिन की माता मायावती के बयान पर पिता दलबीर सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
-बलवान सिंह, शहर थाना प्रभारी टोहाना।