फतेहाबाद। गर्भवती को बेहतर सुविधाएं देकर जच्चा-बच्चा मृत्यु दर को कम करने के स्वास्थ्य विभाग के दावों की पोल खुल गई है। गांव खैरातीखेड़ा के ईंट-भट्ठे पर शुक्रवार की रात को एक दाई ने दो गर्भवती की डिलिवरी करवा दी। शिशु की तबीयत बिगड़ने पर फतेहाबाद नागरिक अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के दौरान शिशु को मृत घोषित कर दिया। पहले भी दाई ईंट-भट्ठे पर डिलिवरी करवा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की एएनएम और आशा वर्कर ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को इस बारे में सूचना तक नहीं दी और रिकार्ड छिपाने का प्रयास किया। अहम बात यह है कि अप्रैल से दिसंबर तक 56 गर्भवती की होम डिलिवरी हो चुकी है जबकि स्वास्थ्य विभाग ने इस पर पूरी तरह से पाबंदी लगा रखी है।
सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों ने दो एएनएम को रिकार्ड समेत तलब किया है। इसके अलावा डिलिवरी करवाने वाली दाई के बारे में भी जानकारी जुटाने के लिए कहा है। स्वास्थ्य विभाग दाई के खिलाफ मामला दर्ज करवाने की तैयारी कर रहा है। हालांकि प्रसूताओं के परिवार के लोग इस मामले में आगे नहीं आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि ईंट-भट्ठे पर ही महिला है जो कि डिलिवरी करती है। दो डिलिवरी से पहले भी एक डिलिवरी कर चुकी है। ईंट-भट्ठे पर प्रवासी मजदूरों के परिवार रहते हैं।
गर्भवती को नहीं कर रही ट्रेक
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की माने तो महिला के गर्भवती होने का पता चलने के बाद आशा वर्कर और एएनएम गर्भवती का एएनसी रजिस्ट्रेशन करवाती है, चार जांच करवानी जरूरी होती है। स्वास्थ्य केंद्र में डिलीवरी के लिए मोटीवेट करना होता है। समय नजदीक होने पर डिलिवरी की तैयारी करनी होती है। एएनएम की जिम्मेदारी होती है कि वह गर्भवती का एएनसी कार्ड और टीकाकरण कार्ड बना है या नहीं इसकी जानकारी रखनी होती है। आनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना होता है। इसके अलावा डिलीवरी का समय होने पर एंबुलेंस बुलाकर स्वास्थ्य केंद्र में भिजवाना होता है। डिलिवरी के बाद 48 घंटे स्वास्थ्य केंद्र में रखने के बाद एंबुलेंस से ही घर छोड़ना होता है।
ये हुई गर्भवती की होम डिलिवरी
वर्ष गर्भवती होम डिलिवरी
2018- 19 145
2019 - 20 56
वर्जन
खैराती खेड़ा के ईंट-भट्ठे पर डिलिवरी कराने की मुझे सूचना मिली है। इसमें एक बच्चे की मौत हो गई है। मैंने दो एएनएम संतोष और महेंद्र कौर को रिकार्ड के साथ बुलाया है। एएनएम को दाई के बारे में जानकारी देने के लिए कहा है। दाई के बारे में पता चलने के बाद उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। सोमवार को हम खुद ईंट-भट्ठे पर भी जाएंगे।
- डॉ. सुनीता सोखी, उप सिविल सर्जन, फतेहाबाद।
वर्जन
भट्ठे पर एक माह में तीन होम डिलिवरी हुई है। हम जाकर पहले ही कहकर आए थे कि अगर कोई दिक्कत लगे तो सूचना देना, लेकिन सूचना नहीं दी गई। वहीं भट्ठे की ही महिला ने डिलिवरी करवाई है। मुझे पता नहीं था कि इस बारे में उच्च अधिकारियों को बताना है। मैंने अब पता करके उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट दे दी है।
- महेंद्र कौर, एएनएम, स्वास्थ्य विभाग