फतेहाबाद। रोडवेज कर्मचारी यूनियन के संगठन मजबूती अभियान के तहत राज्य कमेटी ने फतेहाबाद डिपो और टोहाना सब डिपो का दौरा किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने डिपो महाप्रबंधक से मुलाकात कर कर्मचारियों की लंबित समस्याएं रखीं।
बातचीत के बाद कई मांगों का मौके पर ही समाधान करवाया गया। हरियाणा कर्मचारी महासंघ से संबंधित यूनियन के राज्य प्रतिनिधिमंडल में राज्य प्रधान निशान सिंह, राज्य महासचिव जयबीर घणघस, कार्यकारी प्रधान अनूप लाठर और मुख्य संगठनकर्ता कृष्ण रवीश शामिल रहे।
विज्ञापन
राज्य और डिपो स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक के सामने कर्मचारियों की व्यावहारिक और प्रशासनिक समस्याएं रखीं। इस पर महाप्रबंधक ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कई लंबित मामलों का मौके पर समाधान किया। इनमें कर्मचारियों के बकाया एलटीसी का भुगतान, पात्र कर्मचारियों को एसीपी का लाभ देना और अन्य लंबित विभागीय मामलों का शीघ्र निपटारा करना शामिल है।
समस्याओं के समाधान पर कर्मचारियों ने खुशी जताई। फतेहाबाद डिपो प्रधान हनुमान वर्मा, संदीप जांडली और टोहाना सब डिपो के प्रधान, पूर्व प्रधान राजेश खेदड़ तथा राज्य नेता दर्शन सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।