फतेहाबाद। महाराष्ट्र के नासिक में हुई 18वीं सीनियर नेशनल ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने 5 स्वर्ण व एक कांस्य पदक हासिल किए हैं। चैंपियनशिप 30 मई से 1 जून तक चली। चैंपियनशिप में जांडली खुर्द की मेघा नैन ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-17 के 52 किलो भारवर्ग की कुश्ती में मेघा ने पहला स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
मेघा कुश्ती अकादमी सिसाय में प्रशिक्षण ले रही है। कोच विशाल छिकारा और नवीन सिहाग छिकारा की मेहनत को सराहा गया। मेघा के पिता पूर्व सैनिक सुनील नैन ने बताया कि मेघा बचपन से ही कुश्ती में आगे बढ़ने का सपना देखती थी।
गांव के सरपंच बलवंत सिंह पूनिया ने बताया कि मेघा के गांव लौटने पर भव्य स्वागत और सम्मान समारोह किया जाएगा। वहीं, कुश्ती कोच संजय मलिक ने बताया कि मेघा के अलावा हिसार के मेंदा की खुशी, मसूदपुर की विजेता दलाल, सिरसा के रोड़ी की ममता लॉयल, हिसार के सिसाय की दीक्षा सिहाग ने स्वर्ण पदक जीता है। संवाद