फतेहाबाद। नगर परिषद की ओर से बुधवार को 27 वार्डों में आयोजित वार्ड समिति की बैठकें महज औपचारिकता बनकर रह गईं। जिन बैठकों में वार्ड के विकास कार्यों पर चर्चा होनी थी और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों का सत्यापन किया जाना था ज्यादातर जगह न पार्षद पहुंचे और न ही वार्ड समिति के सदस्य।
कई जगह तो स्थिति यह रही पार्षदों ने बैठक करवाने से ही इन्कार कर दिया तो कहीं कर्मचारी अकेले ही लाभार्थियों के सत्यापन की प्रक्रिया में जुटे रहे। कुल मिलाकर तीसरी तिमाही की बैठकें जमीनी स्तर पर व्यवस्था की पोल खोलती नजर आईं।
सबसे गंभीर स्थिति यह रही कि कई वार्डों में बैठक की सूचना तक समय पर नहीं पहुंचाई गई। पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगर परिषद बैठकों के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर रही है। बैठकों में अधिकारियों की जगह कर्मचारियों को भेज दिया जाता है। ऐसे में वार्डों की समस्याओं और विकास कार्यों पर गंभीरता से चर्चा कैसे हो सकती है।
-
पार्षदों ने सूचना देरी से मिलने का लगाया आरोप
- वार्ड 16 के पार्षद ज्ञान सिंह ने बताया कि उन्हें बैठक की सूचना एक दिन पहले दी गई थी। व्यस्तता के चलते उन्होंने इसे करवाने से इन्कार कर दिया। वहीं वार्ड 22 में राजकीय प्राथमिक पाठशाला में बैठक निर्धारित थी लेकिन मौके पर पार्षद नहीं पहुंचे। कर्मचारियों ने बताया कि पार्षद को सूचना दी गई थी। यहां कर्मचारी लाभार्थियों का सत्यापन करते मिले।
- वार्ड 12 की वार्ड समिति की बैठक राजकीय प्राथमिक पाठशाला ठाकर बस्ती में होनी थी लेकिन पड़ताल के दौरान वहां कोई मौजूद नहीं मिला। पार्षद मोहन लाल नारंग ने बताया कि उन्हें सुबह करीब साढ़े दस बजे फोन आया था। इतनी देर से सूचना मिलने के कारण उन्होंने बैठक करने से इन्कार कर दिया।
- वार्ड 10 की पार्षद ज्योति मेहता ने बताया कि उनके वार्ड में पंचायत भवन में बैठक हुई लेकिन इसमें महज दो से तीन लोग ही पहुंचे। वहीं वार्ड 21 की पार्षद एवं उपप्रधान सविता टुटेजा ने बताया कि उन्हें वार्ड समिति की बैठक के संबंध में कोई सूचना ही नहीं मिली।
-
बैठकें हुईं लेकिन जवाबदेही नदारद
पार्षद मोहन लाल नारंग ने बताया कि वार्ड समितियों की बैठकों का उद्देश्य स्थानीय समस्याओं को सामने लाना, विकास कार्यों की समीक्षा करना और पात्र लाभार्थियों का सत्यापन करना है। जब जनप्रतिनिधियों और समिति सदस्यों की भागीदारी ही सुनिश्चित नहीं हो पा रही तो इन बैठकों की उपयोगिता पर सवाल उठना लाजिमी है। नगर परिषद के ईओ सुरेश का कहना है कि तीसरी तिमाही की बैठक को लेकर निर्देश दिए गए हैं। संबंधित चेयरमैन और सदस्य सुविधानुसार करवा सकते है।