फतेहाबाद जिलावासियों के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश सरकार द्वारा हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा पर कार्रवाई शुरू हो गई है। डीटीपी विभाग ने फतेहाबाद में बनने वाले सेक्टर-5 में जगह चयनित कर ली है। विभाग ने प्रस्तावित साइट को मार्क कर ले आउट प्लान और सेक्टर-5 की ड्राइंग वरिष्ठ नगर योजनाकार हिसार को भेज दी है। जगह पर मुख्यालय की फाइनल मुहर लगते ही अगली कार्यवाही शुरू हो जाएगी। खुद नगर योजनाकार मोहन सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
जिला नगर योजनाकार विभाग ने मेडिकल कॉलेज के लिए सेक्टर-5 में बनने वाले नए बस स्टैंड के करीब जगह का चयन किया गया है। बता दें कि प्रदेश सरकार ने प्रदेश के हर जिले में एक-एक मेडिकल कॉलेज खोले जाने की घोषणा की थी। इसके बाद हुडा पंचकूला के मुख्य प्रशासक ने 30 दिसंबर 2015 को पत्र जारी कर इस ओर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद डीटीपी विभाग ने सेक्टर-5 के तहत आने वाले पब्लिक सेमी प्रयोग के लिएआरक्षित भूमि में से 22.70 एकड़ भूमि को प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के लिए चयन किया है। मेडिकल कॉलेज के लिए कम से कम 25 एकड़ जगह मांगी है। डीटीपी विभाग के अनुसार 23 एकड़ जगह फाइनल कर दी गई है। अगर इससे ज्यादा जगह की जरूरत पड़ती है तो नजदीक में खाली जगह को भी जोड़ दिया जाएगा।
सभी बड़े प्रोजेक्ट होंगे हिसार रोड पर
अगर सब कुछ ठीक ठाक रहा तो फतेहाबाद में मंजूर हुए सभी प्रोजेक्टों पर काम शुरू हो जाएगा। हिसार रोड पर ही नए बस स्टैंड की जगह फाइनल की गई है। इसके लिए अलावा ट्रैफिक थाना भी यहीं बनेगा। अब प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की जगह भी हिसार रोड पर फाइनल की गई है। सभी प्रोजेक्ट पर काम शुरू होने के बाद लोगों को भी काफी फायदा होगा।
मेडिकल कॉलेज बनने के बाद सभी डिपार्टमेंट व सभी स्पेशलिस्ट डॉक्टर उपलब्ध होंगे। सभी ऐसी सुविधाएं होंगी जो प्राइवेट सेक्टर में भी नहीं हैं। यही नहीं, एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए भी जिले से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
डॉ. सुजाता बंसल, डिप्टी सिविल सर्जन, फतेहाबाद
मेडीकल कॉलेज के लिए सेक्टर पांच में बनने वाले नए बस स्टैंड तथा गुरूकुल मताना के पिछली तरफ चयन की गई है। चयनित की गई जमीन को मंजूरी मिलने के बाद मेडिकल कॉलेज बनाने की दिशा में अगला चरण शुरू हो जाएगा।
मोहन सिंह , जिला नगर योजनाकार, फतेहाबाद