अग्रोहा रेफर होने पर विवाहिता और बच्चों को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल से एंबुलेंस की ओर ले जाती
फतेहाबाद। पति से झगड़ा होने पर शहर के मॉडल टाउन स्थित पपीहा पार्क के पास एक विवाहिता ने दो बच्चों पीयूष और पंकज को जहर देकर खुद भी जहरीला पदार्थ निगल लिया। इलाज के दौरान एक बच्चे पीयूष की मौत हो गई।
बिहार में स्थित कैमूर जिले के भभुआ निवासी पूजा गांव बिसला में रहती है। करीब 10 वर्ष पहले उसकी शादी ईश्वर नामक युवक से हुई थी। पूजा का शनिवार को अपने पति से किसी बात पर झगड़ा हो गया। इससे क्षुब्ध पूजा शनिवार दोपहर करीब एक बजे अपने दो जुड़वां बच्चों पीयूष और पंकज (8) के साथ पपीहा पार्क के पास पहुंची और बच्चों को जहरीला पदार्थ देकर खुद भी निगल लिया। तबीयत बिगड़ती देख आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी और फोन कर एंबुलेंस भी बुला ली।
इसके बाद विवाहिता और उनके दोनों बच्चों को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सूचना पाकर विवाहिता के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद विवाहिता और उनके बच्चों को मेडिकल कॉलेज अग्रोहा रेफर कर दिया गया। बस स्टैंड पुलिस चाैकी के जांच अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि वहां उपचार के दौरान पीयूष की माैत हो गई। शहर थाना प्रभारी ओमप्रकाश का कहना है कि पीड़िता के बयानों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।