गांव बोस्ती निवासी सैनिक मनदीप कुमार। फाइल फोटो
- फोटो : Fatehabad
भूना। खंड भूना के गांव बोस्ती के 25 वर्षीय सैनिक मनदीप कुमार की जम्मू कश्मीर के उधमपुर में मौत हो गई है। अभी तक मृत्यु के कारणों की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो पाई। सैनिक का पार्थिव शरीर शुक्रवार को गांव बोस्ती में लाया जाएगा, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। सैनिक की मौत की सूचना मिलने के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सैनिक के घर में कोहराम मच गया।
सैनिक के बड़े भाई संदीप कुमार ने बताया कि बुधवार देर रात उनके पास मोबाइल फोन पर सूचना मिली थी उसके भाई मनदीप का निधन हो गया है। वह जम्मू-कश्मीर के उधमपुर क्षेत्र में ड्यूटी पर था। मृत्यु कैसे और कहां हुई, इसके बारे में अधिक जानकारी नहीं दी गई। गांव बोस्ती निवासी जिला पार्षद अजय मेहता व निवर्तमान सरपंच जगदीश रंगा तथा नंबरदार जेपी जांगड़ा ने सैनिक की मौत पर गहरा दुख प्रकट किया।
दो भाईयों व तीन बहनों में सबसे छोटा था अविवाहित मनदीप
स्व. रामपाल सेन के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। इनमें मनदीप को छोड़कर सभी शादीशुदा हैं। मनदीप 12वीं कक्षा पास करने के बाद वर्ष 2019 में प्रादेशिक सेना में भर्ती हो गया था। पिछले कई महीनों से जम्मू कश्मीर के उधमपुर में ड्यूटी पर तैनात था। मनदीप व संदीप के बीच बुधवार की शाम को करीब पांच बजे मोबाइल फोन पर बात भी हुई थी। संदीप ने मनदीप को कहा था कि आपका रिश्ता देख रहे हैं और जल्द शादी करेंगे। परंतु फोन पर मनदीप ने कहा कि पहले भूना या बरवाला में कोई प्लाट देख लो। एक कोठी बनाएंगे, फिर शादी करूंगा। दोनों भाइयों की हंसते-हंसते काफी देर तक बातचीत हुई थी। मगर देर रात्रि को आए फोन के बाद संदीप और उसके पूरे परिवार का हाल बेहाल बना हुआ है। संदीप बोस्ती गांव में हेयर ड्रेसर का काम करता है। संदीप व मनदीप के पिता रामपाल का करीब छह साल पहले निधन हो गया था।
कोट
गांव बोस्ती के सैनिक मनदीप कुमार का शव आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लग जाएगा। फिलहाल की सूचना के अनुसार सैनिक मनदीप की जम्मू कश्मीर के उधमपुर में मृत्यु हुई है।
-जयभगवान, थाना प्रभारी, टोहाना सदर