टोहाना। बाबा बूटा बस्ती क्षेत्र में मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर हुए मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। झगड़े के दौरान जोगिंदर के सिर में चोट लगी थी। घायल जोगिंदर ने सोमवार सुबह हिसार के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मृतक के बेटे पोलाराम के बयान पर चार लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। जांच शुरू कर दी गई है। शव को हिसार के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। टोहाना चंडीगढ़ रोड पुलिस चौकी प्रभारी ओमप्रकाश जांगड़ा ने मामले की पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि घटना 21 अगस्त रात की है। पीड़ित तब से लगातार अचेत अवस्था में था। मृतक की पहचान जोगिंदर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में बाबा बूटा बस्ती में रह रहा था। जोगिंदर मूल रूप से हांसी के भाटला गांव का निवासी था।
घटना की रात जोगिंदर का बेटा पोलाराम गली में अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर रहा था। उसी दौरान वहां से गाड़ी लेकर गुजर रहे आरोपियों से बाइक हटाने को लेकर कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर आरोपियों ने अगले दिन जोगिंदर पर हमला कर दिया। इस हमले में जोगिंदर के सिर में गंभीर चोट लग गई। जोगिंदर लगातार बेहोश रहा और सोमवार सुबह 7 बजे उसकी मौत हो गई।