फतेहाबाद। पश्चिम एशिया में युद्ध के हालात के चलते घरेलू गैस सिलिंडर रिफिल करवाने में करीब 25 दिनों से कमी जारी है। गांवों में सिलिंडर की सप्लाई न जाने से शहर में एजेंसियों पर भीड़ लग रही है। एजेंसी पर भी आने पर पर्ची नहीं कट पा रही है। वजह यह है कि करीब 30 फीसदी कनेक्शनों की केवाईसी तक नहीं हुई है।
ऐसे में सिलिंडर लेने से पहले केवाईसी करवाने में ही उपभोक्ताओं के पसीने छूट रहे हैं। जिले में 23 गैस एजेंसी है और 3.34 लाख कनेक्शन हैं। दूसरी तरफ होटल-ढाबा संचालकों को अभी तक व्यावसायिक कनेक्शन जारी नहीं हुए है। हालात यह है कि घरों से खाना बनाकर ऑनलाइन ऑर्डर देने वाले कई किचन बंद हो चुके हैं।
शादियों के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के पास 190 आवेदन आए हैं। इनमें 60 आवेदनों पर गैस 250 सिलिंडर जारी किए जा चुके हैं। रेस्टोरेंट संचालक रणबीर भाटी का कहना है कि छोटे व्यावसायिक सिलिंडर से काम चला रहे हैं। रेस्टोरेंट बंद नहीं कर सकते हैं, लेबर चली गई तो दोबारा मिलनी मुश्किल हो जाएगी। ढाबा संचालक विक्की का कहना है कि 3000 में 5 किलो के व्यावसायिक गैस सिलिंडर का कनेक्शन लिया है।
-
गांव दरियापुर से गैस सिलिंडर लेने के लिए आए हैं लेकिन बुक ही नहीं हो रहा है। मोबाइल फोन नंबर ही गलत बता रहा है। इसके चलते वे एजेंसी पर बुकिंग करवाने के लिए आए हैं।
-कौशल्या, उपभोक्ता
-
गांव गिलाखेड़ा से यहां पर घरेलू गैस कनेक्शन की केवाईसी करवाने के लिए आए हैं। एक घंटा लाइन में लगने के बाद केवाईसी हुई। केवाईसी न होने से बुकिंग के लिए परेशानी झेल रहे हैं।
- सिमरन, उपभोक्ता
-
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय की ओर से एलपीजी से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विभिन्न अधिकारियों को नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया है। इसके अलावा, जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 01667-230773 जारी किया गया है इस पर कार्य दिवस में सुबह 9 से शाम 5 बजे तक शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।
-डॉ. विवेक भारती, उपायुक्त
-
- किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नागरिक 112 पर संपर्क कर सकते हैं। सुरक्षा के मद्देनजर जिले में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर नजर रखी जा रही है, अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-सिद्धांत जैन, एसपी