टोहाना। शहर के सबसे व्यस्त अग्रसेन चौक के नजदीक शास्त्री बाजार में दिनदहाड़े करीब 1.30 बजे रतन ज्वेलर्स की दुकान में घुसे दो बदमाश पिस्तौल दिखाकर दो किलो चांदी के आभूषण लूट ले गए। वारदात की सूचना पाकर डीएसपी शमशेर सिंह, थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह व सीआईए टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। लुटेरे पास की दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गए। ज्वेलर शिव शंकर की शिकायत पर शहर थाना टोहाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट 1959 की धारा 25 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(3) व 309 (4) के तहत केस दर्ज कर लिया है। ज्वेलर ने अपनी शिकायत में बताया है कि आरोपी उसकी दुकान के गल्ले के पास से करीब ढाई-तीन किलो चांदी के जेवर लूटकर अपने साथ ले गए।
दुकानदार शिवशंकर ने बताया कि उनका पास में ही जैन गली में घर है। उनके पिताजी खाना खाने के लिए घर गए थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे वह दुकान में कार्य कर रहा था, तभी बाइक सवार दो युवक आए। उनमें से एक ने हेलमेट तो दूसरे ने कपड़े से मुंह ढका हुआ था। आरोपियों ने उसके सामने काउंटर पर पिस्तौल रखते हुए कहा कि जो भी सामान है, निकालकर रख दो नहीं तो गोली मार देंगे। उसने बताया कि आरोपी उसकी दुकान के काउंटर में रखी करीब दो लाख रुपये कीमत की दो किलो चांदी के जेवर व उसका मोबाइल साथ में ले गए। मगर, मोबाइल दुकान के बाहर पड़ा मिल गया। आरोपी रेलवे रोड की तरफ से आए और वारदात को अंजाम देने के बाद अग्रसेन चौक की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर उनकी पहचान का प्रयास किया। इसके बाद शहर से बाहर जाने वाले रास्तों पर नाकेबंदी भी करवाई। स्वर्णकार संघ के सदस्यों ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की निंदा करते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। पीड़ित ने वारदात के बाद उसने तत्काल पुलिस व परिजनाें को सूचना दी।
सर्विस के लिए दिए थे सीसीटीवी
इस घटना के बाद दुकानदार पूरी तरह से घबरा गया। जब उसके पिता दुकान पर आए तो उसने पूरी वारदात बताई। दुकानदार ने बताया कि दुकान पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। मगर, उनकी पिक्चर क्वालिटी खराब होने के चलते दो दिन पहले ठीक करने के लिए दिए थे। इसी बीच वारदात को अंजाम दे दिया गया।
शनिवार तक आरोपी नहीं पकड़े तो एसपी से मिलेंगे
घटना की सूचना पाकर स्वर्णकार संघ के प्रधान राजेश वर्मा के नेतृत्व में कई स्वर्णकार दुकानदार शंकर से मिलने पहुंचे। इस दौरान सभी ने घटना की पूरी जानकारी ली। इसके बाद डीएसपी शमशेर सिंह से बातचीत की। प्रधान राजेश वर्मा ने कहा कि पुलिस प्रशासन सतर्कता से कार्य कर रहा है और डीएसपी ने शनिवार तक का समय लिया है। पुलिस ने जल्द आरोपियों को काबू नहीं किया तो ठोस कदम उठाते हुए एसपी व आईजी से मिलेंगे।
रतन ज्वेलर्स की दुकान से दो आरोपी चांदी की ज्वेलरी लूट कर ले गए। अलग-अलग टीमें बनाकर उनकी धरपकड़ के लिए कार्रवाई की जा रही है। शहर से बाहर जाने वाले रास्तों पर नाकेबंदी कर भी जांच की गई। आरोपियों को शीघ्र ही काबू कर लिया जाएगा।
-शमशेर सिंह, डीएसपी, टोहाना