फतेहाबाद में लेबर कोर्ट के लघुसचिवालय में शिफ्ट होने पर मौजूद अधिवक्ता व अन्य
फतेहाबाद। पंचायत भवन में चल रही लेबर कोर्ट लघु सचिवालय खंड द्वितीय में स्थानांतरित कर दी गई है। शनिवार से नई जगह पर कामकाज शुरू हो गया जिससे वकीलों को बड़ी राहत मिली है।
उपायुक्त डॉ. विवेक भारती के निर्देश के बाद यह बदलाव लागू किया गया। लेबर कोर्ट पहले पंचायत भवन में संचालित हो रहा था जहां से जिला न्यायालय की दूरी अधिक होने के कारण वकीलों को बार-बार आना-जाना पड़ता था। इससे लोगों के समय की बर्बादी के साथ उनको परेशानी भी झेलनी पड़ रही थी।
अब लेबर कोर्ट लघु सचिवालय खंड द्वितीय की पहली मंजिल पर कमरा नंबर-4 में स्थापित किया गया है। यह स्थान जिला न्यायालय परिसर के पास होने से वकीलों और पक्षकारों दोनों को सुविधा मिलेगी। इस बदलाव के पीछे जिला बार एसोसिएशन के प्रधान दिनेश गेरा और सचिव पुनीत भुटानी के प्रयास अहम रहे।