फतेहाबाद। सरकारी अस्पतालों में किचन सर्विस प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया है। 10 माह पहले जिले के दो अस्पतालों में किचन सर्विस शुरू करने को लेकर प्रस्ताव बना था। दर तय हुआ बावजूद इसके नागरिक अस्पताल फतेहाबाद और टोहाना में दाखिल मरीजों के लिए किचन सर्विस शुरू नहीं हो पाई है। जिले में एजेंसी 126 रुपये प्रति डाइट के हिसाब से ठेका लेने को तैयार हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का ये ड्रीम प्रोजेक्ट था लेकिन सरकार के मंत्रीमंडल में बदलाव के बाद ये अटक कर रह गया है। यहां तक मुख्यालय की तरफ से भी इसको लेकर कोई पत्राचार नहीं हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा पिछले साल जिले के दो अस्पतालों में किचन सर्विस शुरू करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई थी। लेकिन इसमें बार-बार एक ही एजेंसी आने के चलते टेंडर प्रक्रिया में समय लगा और फिर नियम अनुसार एजेंसी से रेट की निगोसिएशन करवाई गई। एजेंसी 125 रुपये प्रति डाइट के हिसाब से ठेका लेने को तैयार हुई। आचार संहिता लगने से पहले दर तय करने के बाद फाइल मुख्यालय में भेजी गई लेकिन इसके बाद कोई जवाब नहीं आया। संवाद
रोजाना बदलेगा डाइट प्लान
ठेका लेने वाली एजेंसी को रोजाना डाइट प्लान बदलना होगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सोमवार से लेकर शुक्रवार तक का सुबह चाय से लेकर रात के भोजन तक का डाइट प्लान बना रखा है। मरीजों को लंच और डिनर में विभाग रोजाना खिचड़ी देगा। इसके अलावा चपाती रहेगी और दाल व सब्जी रोजाना अलग-अलग देनी होगी। किस दिन कौन से सब्जी और दाल देनी है इसको लेकर विभाग टेंडर में शेड्यूल जारी कर चुका है।
सुबह और शाम को मिलेगी चाय
नागरिक अस्पताल में रोजाना सुबह एजेंसी को ब्रेकफास्ट में दलिया और दूध देना होगा। इसके अलावा सुबह और शाम को तय समय पर चाय और बिस्कुट देना होगा।
मरीज को देना होगा खाना
चाय : सुबह साढ़े 6 बजे
नाश्ता : सुबह साढ़े 6 बजे से 9 बजे तक
लंच : साढ़े 12 बजे से 1 बजे तक
शाम की चाय : शाम 4 बजे से साढ़े 4 बजे तक
डिनर : रात साढ़े 7 बजे से साढ़े 8 बजे तक
कोट
किचन सर्विस को लेकर एजेंसी से दर तय करके रिपोर्ट मांगी गई थी। ये रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। ठेका जारी करने की प्रक्रिया मुख्यालय स्तर पर होनी है।
- संगीता अबरोल, कार्यकारी सिविल सर्जन