फतेहाबाद। अखिल भारतीय किसान सभा ने फसल बीमा क्लेम और जलभराव मुआवजा जारी करने की मांग पर वीरवार को डीसी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर वर्ष 2025 का बकाया भुगतान जल्द करने की मांग रखी।
प्रदर्शन का नेतृत्व किसान सभा के जिला प्रधान विष्णु दत्त ने किया। किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भट्टू कलां, भूना और फतेहाबाद तहसील के कई गांवों के किसान लंबे समय से प्राकृतिक आपदाओं की मार झेल रहे हैं। वर्ष 2025 का बकाया फसल बीमा क्लेम और जलभराव का मुआवजा किसानों के खातों में जल्द जारी किया जाना चाहिए।
किसान नेताओं ने बताया कि इस बार अधिक बारिश की आशंका के चलते भट्टू कलां क्षेत्र के किसानों ने बड़े पैमाने पर धान की बुवाई की थी लेकिन पर्याप्त नहरी पानी नहीं मिलने और बारिश न होने से धान की खड़ी फसल सूखकर नष्ट हो गई। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
किसान सभा ने मांग की कि सूखे धान की तत्काल गिरदावरी करवाई जाए और प्रभावित किसानों को कम से कम 50 हजार रुपये प्रति एकड़ आर्थिक सहायता दी जाए। नेताओं ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को राहत मिलने से उन्हें आर्थिक संकट से उबरने में मदद मिलेगी।
ज्ञापन के माध्यम से किसान सभा ने सरकार से मांग की कि 15 सितंबर से पहले मंडियों में मूंगफली की सरकारी खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर शुरू की जाए ताकि किसानों को ओने-पोने दामों पर फसल न बेचनी पड़े।
प्रदर्शन में सुभाष चंद्र भादू, हनुमान सिंह, वजीर सिंह, राजेंद्र सिंह सिद्धू, मनीष सिवाच, रोहतास डूडी, अजय सिंह माचरा, राकेश कुमार ढींगसरा, पृथ्वी सिंह मूंड, राम सिंह भाम्भू और हवा सिंह आदि उपस्थित रहे।