गांव बड़ोपल स्थित केंद्रीय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते हुए छात्र
फतेहाबाद। गांव बड़ोपल में केंद्रीय विद्यालय को नया भवन बनाने को लेकर जल्द हरी झंडी मिल सकती है। केंद्रीय विद्यालय के भवन को लेकर पंचायत आठ एकड़ जमीन दे चुका है। अब केंद्रीय विद्यालय ने इस जमीन की निशानदेही करवाकर कब्जा देने के लिए उपायुक्त मनदीप कौर को पत्र लिखा है। केंद्रीय विद्यालय को जमीन पर कब्जा मिलने के बाद नए भवन का निर्माण शुरू हो जाएगा।
विद्यालय की बिल्डिंग को लेकर केंद्र सरकार 24 करोड़ रुपये मंजूर कर चुका है। इसकी पहली किस्त दो करोड़ रुपये भी जारी हो चुकी है। अगर सब कुछ ठीकठाक रहा तो नए भवन का निर्माण जल्द शुरू हो चुका है। फिलहाल केंद्रीय विद्यालय गांव के ही सरकारी स्कूल में चल रहा है। बता दें कि केंद्रीय विद्यालय वर्ष 2017 में शुरू हुआ था। स्कूल को गांव के ही चिंदड़ मोड़ पर स्थित प्राइमरी स्कूल के भवन में अस्थायी रूप से शुरू किया गया। इसके बाद नए भवन को लेकर डिमांड की गई। स्कूल में करीब 450 विद्यार्थी हैं। संवाद
कक्षा 11 वीं और 12 वीं के लिए बनेंगे नए कमरे
केंद्रीय विद्यालय कक्षा पहली से बारहवीं तक होता है। लेकिन कमरों के अभाव में कक्षा 11 और 12 वीं शुरू नहीं हो पाई है। इसके लिए कम से कम पांच कमरे जरूरी हैं। फिलहाल एमपी लैंड से 12.31 लाख की लागत से दो कमरें बनाए जा रहे है। इसके अलावा तीन कमरे सचिवालय के प्रयोग में लिए जाएंगे। इसके बाद यहां पर कक्षाएं शुरू करने के लिए सीबीएसई को प्रस्ताव भेजा जाएगा। मंजूरी के बाद कक्षाएं शुरू हो पाएंगी।
कोट
केंद्रीय विद्यालय के भवन को लेकर आठ एकड़ जगह मिल चुकी है। निशानदेही और कब्जा को लेकर उपायुक्त को पत्र लिखा गया है। कब्जा मिलने के बाद केंद्रीय विद्यालय संगठन स्कूल के नए भवन का निर्माण करवाएगा।
-कर्मजीत सिंह नैन, प्रिंसिपल, केंद्रीय विद्यालय बड़ोपल