फतेहाबाद। स्वास्थ्य विभाग की कायाकल्प अवॉर्ड योजना को लेकर शुक्रवार को अंतर जिला टीम नागरिक अस्पताल फतेहाबाद का निरीक्षण करने पहुंची। टीम दोपहर साढ़े 12 बजे नागरिक अस्पताल पहुंची। सिरसा से आई टीम में डॉ. अमनदीप, सूर्यकांत और रविंद्र कुमार शामिल रहे। अस्पताल में बिजली के तार लटके मिलने और सफाई की कमी पर नाराजगी दिखाई। ऐसे में नंबर कटने की उम्मीद है। इसके अलावा शिकायत पेटिका मात्र एक ही मिलने पर अधिकारियों को तीन और लगाने के निर्देश दिए।
टीम के निरीक्षण के लिए आने की सूचना के बावजूद अस्पताल के अधिकारी और स्टाफ ज्यादा गंभीर नहीं दिखे। हालांकि टीम के आने की सूचना पर पार्किंग स्थल पर कर्मचारी तैनात किए गए और स्ट्रेचर पर चादर बिछाई गई थी। टीम ने अस्पताल में सफाई व्यवस्था को लेकर जांच की। टीम सफाई व्यवस्था को लेकर खुश नहीं दिखी। अस्पताल में कई जगह कचरा मिला और नियम के मुताबिक डस्टबिन भी नहीं रखे मिले। शौचालयों में भी सफाई व्यवस्था बेहतर नहीं मिली। इस पर टीम ने नर्सिंग स्टाफ को कहा कि इतने कर्मचारी होने के बावजूद सफाई व्यवस्था अच्छी नहीं है। निरीक्षण करने आई टीम ने मरीजों से भी फीडबैक लिया और पूछा कि उपचार के लिए किसी ने रुपये तो नहीं मांगे और बधाई तो नहीं दी, इस पर मरीजों ने कहा कि किसी ने बधाई नहीं मांगी है। इसके अलावा टीम ने अस्पताल में दवाइयों का भी निरीक्षण किया, कोई एक्सपायर नहीं मिली।
मैडम एक घंटे के अंदर बदलवाएं तार...
टीम इंचार्ज डॉ. अमनदीप ने सबसे पहले अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। रजिस्ट्रेशन काउंटर के साथ पुराने फ्लैक्स लगे होने पर उन्हें ठीक करवाने के निर्देश दिए। इसके बाद टीम दवा वितरण काउंटर पर पहुंची। टीम को यहां पर बिजली के तार लटके मिले। इसको लेकर डॉ. अमनदीप ने नर्सिंग स्टाफ से जवाब तलब किया और कहा कि ये क्या है, मैडम इलेक्ट्रिशियन बुलाएं और एक घंटे में ठीक करवाएं। टीम इंचार्ज ने कहा कि ये फ्री का काम भी नहीं करवा सकते है जबकि अस्पताल में ही इलेक्ट्रिशियन है।
लेबर रूम और ओटी की सराहना की, शिकायत पेटिका लगाने के निर्देश
टीम ने अस्पताल के लेबर रूम और ऑपरेशन थियेटर का निरीक्षण किया। यहां पर साफ-सफाई और नियम के मुताबिक सामान मिलने पर सराहना की। इसके अलावा लैब में बढ़िया व्यवस्था की भी प्रशंसा की। वहीं 100 बेड के नागरिक अस्पताल में टीम ने शिकायत पेटिका बारे पूछा तो जवाब मिला कि एक लगी है। टीम ने अस्पताल में तीन और शिकायत पेटिका लगाने के निर्देश दिए।
भट्ट सीएचसी को फिर मिल सकता है कायाकल्प अवॉर्ड
अंतर जिला टीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भट्टूकलां, जाखल और नागरिक अस्पताल टोहाना का निरीक्षण कर चुकी है। टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भट्टूकलां की जमकर सराहना की। टीम इंचार्ज डॉ. अमनदीप ने कहा कि वहां की एसएमओ डॉ. सुजाता बंसल ने बेहतर व्यवस्था कर रखी है। बता दें कि सीएचसी भट्टूकलां को पहले भी अवार्ड मिल चुका है। इस बार फिर कायाकल्प अवॉर्ड मिलने की उम्मीद है।
70 फीसदी अंक लेने जरूरी, तभी मिलेगा अवॉर्ड
कायाकल्प अवॉर्ड को लेकर पहले अस्पताल खुद अंक देता है और आवेदन करता है। इसके बाद अंतर जिला टीम निरीक्षण करती है। अगर टीम 70 फीसदी से ज्यादा अंक देती है तो मुख्यालय से टीम निरीक्षण करने के लिए आती है। अगर प्रदेश स्तर की टीम भी 70 फीसदी से ज्यादा अंक देती है तो कायाकल्प अवॉर्ड मिलता है।
कोट
कायाकल्प अवॉर्ड योजना के तहत नागरिक अस्पताल फतेहाबाद का निरीक्षण किया गया, यहां पर बिजली के तार लटके हुए थे, जिन्हें ठीक करवाने के लिए कहा गया है। सफाई व्यवस्था को लेकर भी कमी दिखी। अस्पताल में लेबर रूम, ओटी और लैब अच्छी थी। मरीजों की तरफ से भी अच्छा फीडबैक मिला है।
-डॉ. अमनदीप, टीम इंचार्ज