स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कल्याणी नर्सिंग होम को सील करने के बाद संचालिका डा. कांता गर्ग के खिलाफ अवैध गर्भपात कराने की शिकायत दी है। पुलिस ने एसएमओ सतीश गर्ग की शिकायत पर नर्सिंगहोम संचालिका के खिलाफ भादंसं की धारा 313, 332, 353, 186, 3, 4,5 एमटीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस बल को साथ लेकर 14 अगस्त की देर रात अवैध गर्भपात करने की सूचना पर रतिया रोड स्थित निजी नर्सिंग होम पर दबिश दी थी। टीम को वहां एक नाबालिग (14 वर्षीय ) गर्भवती किशोरी मिली। बताया गया है कि जब स्वास्थ्य विभाग की टीम वहां पहुंची तो उसके गर्भपात की तैयारी चल रही थी। गर्भवती नाबालिग को गर्भपात की गोलियां भी दे दी गई थीं, जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए विभाग की टीम ने लड़की को छुड़वाया। इस बीच कार्रवाई के दौरान एसएमओ सतीश गर्ग और नर्सिंग होम की संचालिका के बीच हाथापाई होने की बात भी सामने आई थी।
विभाग की कार्रवाई के बाद रात्रि करीब दो बजे निजी नर्सिंग होम को सील कर दिया गया था। नाबालिग को सामान्य अस्पताल ले जाकर उसका अल्ट्रासाउंड कराया गया, जहां डाक्टर को डिलीवरी करनी पड़ी। इस बीच शिशु की मौत हो चुकी थी। एसएमओ ने बताया था कि लड़की के पेट में करीब छह महीने का गर्भ था। कार्रवाई करते हुए एसएमओ ने नर्सिंग होम संचालिका डा. कांता गर्ग के खिलाफ पुलिस को लिखित में शिकायत दी है। पुलिस ने एसएमओ सतीश गर्ग की शिकायत पर डा. कांता गर्ग के खिलाफ भादंसं की धारा 313, 332, 353, 186, 3, 4,5 एमटीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है
गौरतलब है कि इसी नर्सिंग होम में ऐसा ही एक केस कुछ साल पहले भी हुआ था जिसमें नर्सिंग होम के संचालक पर दो साल की सजा दी गई थी। मामला सेशन कोर्ट में चल रहा है।
क्या कहते हैं एसएचओ
थाना प्रभारी रोहताश कुमार ने बताया कि एसएमओ सतीश गर्ग की शिकायत पर डा. कांता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि डा. कांता अभी फरार हैं। उसकी तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा