फतेहाबाद। मनोहर मेमोरियल कॉलेज ऑफ एजुकेशन में राज्य रेडक्रॉस क्लब के संयुक्त तत्वाधान में स्वास्थ्य जांच शिविर एवं राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत डिप्टी सीएमओ डॉ. संगीता अबरोल, डॉ. अंकु अलीशा, डॉ. रश्मि सिंह ने विद्यार्थियों की स्वास्थ्य की जांच की।
एनएसएस क्लब, कम्युनिटी केयर क्लब एवं रेडक्रॉस क्लब के सहयोग से लगाए गए शिविर में कुछ विद्यार्थियों को उच्च रक्तचाप, शुगर, नेत्र और दंत संबंधी समस्या पाई गई। एड्स जागरूकता विषय पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. गुंजन लाल ने एड्स बीमारी के बारे में जागरूकता के महत्व पर जोर दिया।
इसके अलावा कॉलेज में राज्यस्तरीय रंगोली, मेहंदी, पोस्टर मेंकिंग, भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई। इनमें विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। रंगोली में बीए फाइनल से काजल व ममता ने प्रथम, बीए प्रथम वर्ष से आरती जैन, बीएससी द्वितीय वर्ष से खुशी, बीए फाइनल से संतोष व सुषमा ने द्वितीय, बीए बीएड तृतीय वर्ष से पूजा व चतुर्थ वर्ष से महक ने तृतीय स्थान पाया।
मेहंदी प्रतियोगिता में बीए बीएड तृतीय वर्ष से निर्मला प्रथम, बीए प्रथम वर्ष से जशनप्रीत द्वितीय व बीए तृतीय वर्ष से कोमल तृतीय रही। पोस्टर/पेंटिंग प्रतियोगिता में बीएससी प्रथम वर्ष से कंचन रानी ने पहला, बीएससी द्वितीय वर्ष से तनिशा और इमेजन ने दूसरा, बीए प्रथम वर्ष से निशा ने तीसरा स्थान पाया।
भाषण प्रतियोगिता में बीए बीएड चतुर्थ वर्ष से सिमरन, बीए बीएड चतुर्थ वर्ष से पलक तथा बीए प्रथम वर्ष से नेहा ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यवाहक प्रिंसिपल ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।