टोहाना में पत्रकारों से बातचीत करते राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला।
टोहाना (फतेहाबाद)। राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ने कहा कि जननायक जनता पार्टी अब बासी कढ़ी बन चुकी है। उसमें एक बार उबाल आ लिया, वह शांत हो चुका है। अब दोबारा उबाल नहीं आएगा। इनके नेता पार्टी छोड़ रहे हैं। इनके प्रदेशाध्यक्ष तक इस्तीफा देकर दूसरी पार्टी में स्थान तलाश रहे हैं। इनके विधायक भी जाने के लिए रास्ता ढूंढ रहे हैं।
बराला शनिवार को टोहाना में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। बराला ने पूर्व पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली के खिलाफ शुरू हुई विजिलेंस जांच को लेकर कहा कि उन्हें इस संबंध में मीडिया के माध्यम से ही पता चला है। अगर कोई व्यक्ति गलत करेगा, उसको भुगतना पड़ेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्पष्ट कर चुके हैं कि जिस पर भी भ्रष्टाचार का आरोप लगेगा, उसकी जांच करवाई जाएगी। जांच के बाद जो भी सामने आएगा, उसी अनुसार आगामी कार्रवाई होगी। किसी भी भ्रष्टाचार करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।
जिन मुद्दों पर किसान विरोध कर रहे, उनको सरकार बनने के बाद रखना चाहिए
बराला ने किसानों के विरोध के संबंध में कहा कि जिन मुद्दों को लेकर किसान विरोध कर रहे हैं, उनका अब आचार संहिता लगी होने के कारण समाधान नहीं हो सकता है। सरकार बनने के बाद इन मुद्दों को रखना चाहिए। हम भी उसमें किसानों की पैरवी करेंगे। केंद्र व प्रदेश सरकार ने पहले भी किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं और आने वाले समय में भी किसानों की हित की बात लगातार भाजपा करती रहेगी।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही आएंगे प्रधानमंत्री व अन्य बड़े नेता
भाजपा की चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक सुभाष बराला ने कहा कि बीजेपी प्रत्याशी चुनाव प्रचार का लगभग एक चरण पूरा कर चुके हैं। दूसरे दलों के उम्मीदवारों ने अभी तक प्रचार भी शुरू नहीं किया है। इसलिए बीजेपी उम्मीदवार बहुत आगे हैं। उन्होंने कहा कि नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य बड़े नेता भी प्रदेश में रैलियों में भाग लेने आएंगे।