आरक्षण को लेकर हरियाणा में जाटों का विरोध प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के तत्वावधान में सोमवार को दूसरे दिन भी गांव ढाणी गोपाल, भोजराज के चौक के पास खेतों में धरना दिया गया। हालांकि, धरने पर प्रदर्शनकारियों की संख्या नाममात्र होने से प्रशासन ने भी राहत की सांस ली। वहीं, धरने में शामिल लोगों के फोटो व वीडियो बनाने के अलावा उनके नाम, एजुकेशन, गांव का नाम सहित पूरा बायोडाटा तैयार किया जा रहा है। धरने में युवाओं की कम हाजिरी भी इसी का नतीजा है।
कानून तोड़ने वालों को सख्ती से निपटेंगे : एएसपी
धरना स्थल पर पिछले दो दिनों से लगातार कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात एएसपी गंगा राम पूनिया ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि किसी भी व्यक्ति ने कानून तोड़ने की कोशिश की तो उसको सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शस्त्र सीमा बल के जवान, पुलिस कर्मचारी व प्रशासनिक अधिकारी यहां डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने कहा कि रोड जाम किसी भी सूरत पर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने धरने के दौरान शांति बनाए रखने का आह्वान किया है। इस मौके पर शस्त्र सीमा बल बटालियन के असिस्टेंट कमांडेंट चंद्रशेखर, ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं बीडीपीओ रविंद्र कुमार दलाल, उपतहसीलदार एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट होशियार सिंह जांगड़ा, एसएचओ बिमला देवी, दलीप सिंह आदि मौजूद रहे।
महिला पुलिस भी तैनात
जाट आरक्षण संघर्ष समिति की ओर से जारी धरने पर कोई भी महिला प्रदर्शनकारी मौजूद नहीं रही। फिर भी भीषण गर्मी में तीन दर्जन से अधिक महिला पुलिस कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात हैं।
गिरफ्तार लोगों को रिहा करवाना हमारा लक्ष्य : जाट नेता
जाट आरक्षण संघर्ष समिति के नेता सूबे सिंह ढाका, हंसराज सिवाच गोरखपुर, रघुबीर सिंह गाजुवाला, महाबीर सिंह ढाणी गोपाल, रामकुमार महला ढाणी भोजराज आदि ने कहा कि उपतहसील फूंकने के मामले में झूठे मुकदमे दर्ज कर गिरफ्तार किए गए जाट समाज के लोगों को जब तक रिहा नहीं किया जाएगा, तब उनका धरना जारी रहेगा।