फतेहाबाद। जाखल पुलिस के नाम पर पांच हजार रुपये मांगकर गांव तलवाड़ा निवासी किसान के साथ ऑनलाइन फ्रॉड किया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव तलवाड़ा निवासी दर्शन सिंह ने बताया कि उसके दो बेटे हैं। दोनों ही शादीशुदा हैं। उसका छोटा बेटा 2 नवंबर को घर बिना बताए चला गया था। उसने पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करवाया। वह अपने बेटे के चले जाने की परेशानी में था, उसके पास 3 नवंबर को एक नंबर से फोन आया कि हम पुलिस थाने से बोल रहे हैं। तुम्हारे बेटा मिल गया है। उसे ढूंढने में हमारा पांच हजार रुपये का खर्चा हो गया है। इसलिए इस नंबर पर पांच हजार रुपये डाल दो।
इसके बाद उसने गूगल पे द्वारा उस नंबर पर पांच हजार रुपये भेज दिए। कुछ देर बाद उसे अपने साथ ऑनलाइन फ्रॉड होने का आभास हुआ। इसके बाद उसने थाने में आकर पता किया तो वहां बताया गया कि ऐसा कोई फोन उनकी तरफ से नहीं गया था। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।