मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीरवार को प्रदेश भर के जिला उपायुक्तों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कोविड-19 विषय पर समीक्षा बैठक की और उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वीसी में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला तथा स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अधिकारियों को कोविड से बचाव के लिए मार्गदर्शन करते हुए कहा कि प्रदेश में 17 मई की सुबह 5 बजे तक लागू महामारी अलर्ट सुरक्षित हरियाणा के तहत नागरिकों को कोरोना संक्रमण से बचाव व रोकथाम के लिए जागरूक किया जाए। इस दौरान डीसी ने बताया कि जिले में 50 गांवों में आइसोलेशन सेंटर बनाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में परिवहन विभाग द्वारा पांच-पांच मिनी एंबुलेंस बसें प्रदान की गई हैं। इन बसों में बिजली, पानी, ऑक्सीजन, बेड सहित अन्य चिकित्सा सुविधाएं मुहैया करवाई गई है। इन एंबुलेंस बसों में कोरोना संक्रमित व्यक्ति का शीघ्रता से उपचार शुरू होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये एंबुलेंस बसें कोविड संक्रमित मरीजों के इलाज में वरदान साबित होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि वे स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांवों में घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य का चेकअप करें और आइसोलेशन सेंटर भी बनाए।
डीसी ने दिया भरोसा, तैयार हैं प्रशासन की टीमें
इस दौरान उपायुक्त डॉ. नरहरि सिंह बांगड़ ने कहा कि कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत तथा संक्रमण चेन को तोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली है। ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर सर्वे करने तथा स्वास्थ्य चेकअप के लिए टीमों का गठन किया है, जिसमें आशा वर्कर्स, आंगनबाड़ी वर्कर्स, स्कूली अध्यापक के साथ-साथ गांव के गणमान्यों को शामिल किया गया है। यह टीमें लोगों के स्वास्थ्य की जांच करेगी। अगर किसी व्यक्ति को स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता है, तो उसे मुहैया करवाई जाएगी। 50 गांवों में आइसोलेशन सेंटर बनाए जाएंगे, जिसमें संबंधित अधिकारी सभी सुविधाएं मुहैया करवाएंगे। सर्वे के दौरान अगर किसी व्यक्ति को आइसोलेशन की जरूरत पड़ती है और उसके घर में जगह नहीं है तो गांवों में ही आइसोलेशन सेंटर में ठहराया जाएगा।
इन गांवों में बनेंगे आइसोलेशन सेंटर
गांव बड़ोपल, बीघड़, चिंदड़, मताना, बनगांव, भोडियाखेड़ा, गिल्लांखेड़ा, दरियापुर, भट्टू कलां, ढांड, किरढान, शेखुपुर दडौली, सुलीखेड़ा, बनमंदोरी, ढाबीकलां, मेहूवाला, पीलीमंदोरी, रामसरा, ढाबी खुर्द, ठुईयां, भूना, धोलू, इंदाछुई, अयाल्की, हिजरावां खुर्द, नूरकी अहली, जांडली कलां, चौबारा, बरसीन, माजरा, चंद्रावल, धांगड़, बैजलपुर, गोरखपुर, बोस्ती, जमालपुर शेखां, म्योंद कलां, म्योंद खुर्द, मूसाखेड़ा, अहरवां, भूथन कलां, एमपी सोत्तर, भड़ौलावाली, भिरडाना, अलीका, हड़ौली, नागपुर, रतिया ग्रामीण, बबनपुर व अहलीसदर सहित 50 गांवों में आइसोलेशन सेंटर बनेंगे।