फतेहाबाद के विभिन्न गांवों और खेल के मैदानों में युवाओं के बीच पहुंचे पुलिसकर्मी। पुलिस विभाग
फतेहाबाद। जिला पुलिस की ओर से नशा मुक्त समाज की दिशा में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न थानों और पुलिस चौकियों की टीमों ने गांवों, शिक्षण संस्थानों और खेल मैदानों में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचने और खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत गांव चंदपुरा से हुई, जहां पुलिस टीम ने ग्रामीणों, विद्यार्थियों और युवा वर्ग को नशे के खिलाफ जागरूक करते हुए स्वास्थ्यवर्धक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। पुलिस चौकी बड़ोपल की टीम ने गांव बड़ोपल के खेल मैदान में बच्चों और किशोरों के साथ संवाद किया। इस दौरान बच्चों को बताया गया कि खेल न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि मानसिक एकाग्रता और अनुशासन भी सिखाते हैं।
महिला थाना के एएसआई महेंद्र ने एमएम कॉलेज फतेहाबाद में छात्र-छात्राओं को नशे से होने वाले मानसिक और शारीरिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में फ्रेंडली फुटबॉल मैच का आयोजन भी किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में एएसआई महेंद्र ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
थाना जाखल पुलिस ने गांव जाखल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बच्चों को खेलों की ओर प्रेरित किया और उन्हें नशे से दूर रहने का संदेश दिया। पुलिस टीम ने बताया कि खेलों में सक्रिय रहने से व्यक्ति का आत्मविश्वास और जीवन में अनुशासन बढ़ता है। इसके साथ ही, थाना भट्टू कलां पुलिस ने गांव ढिंगसरा में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान ग्रामीणों और युवाओं को नशे से होने वाले नुकसान और उसके खिलाफ समाज की भूमिका पर चर्चा की गई।