फतेहाबाद । शिक्षा विभाग सत्र 2023-24 के अनुसूचित जाति के कक्षा छठी के विद्यार्थियों को साइकिल उपलब्ध करवाएगा। साइकिल मेले में विद्यार्थियों को पसंद करनी होगी और इसका भुगतान शिक्षा विभाग करेगा। लेकिन शिक्षा विभाग ने इस बार भी साइकिल की राशि नहीं बढ़ाई है। विभाग 20 इंच साइकिल के 2800 रुपये और 22 इंच के 3000 रुपये देगा।
अगर छात्र इस राशि से महंगी साइकिल पसंद करता है तो बाकी राशि खुद देनी होगी। जबकि बाजार में अच्छी क्वालिटी की साइकिल की कीमत 5 से 6 हजार रुपये है।
गांव में स्कूल न होने पर ही मिलेगी साइकिल
शिक्षा विभाग के जारी हुए पत्र के मुताबिक साइकिल उन्हीं विद्यार्थियों को मिलेगी जिनके गांव में मिडिल स्कूल नहीं है और उस गांव से मिडिल स्कूल की दूरी दो किलोमीटर या उससे अधिक है।
विभाग ने जारी किया दो-दो लाख रुपये का बजट
मौलिक शिक्षा विभाग ने साइकिलों को लेकर प्रदेश के सभी जिलों को दो-दो लाख रुपये का बजट जारी किया है। अगर इससे ज्यादा राशि की जरूरत पड़ती है तो डिमांड भेजनी होगी। विभाग विद्यार्थियों के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर करेगा।
पहले खुद साइकिल तैयार करवाकर देता था विभाग
शिक्षा विभाग पहले खुद ही साइकिल तैयार करवाकर विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाता था। लेकिन अब मेरी साइकिल मेरी पसंद योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत विभाग मेला लगाकर वेंडर बुलाता है और यहां पर प्रदर्शनी लगाई जाती है। इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों को साइकिल पसंद करनी होती है।
जिलास्तरीय साइकिल मेला के आयोजन में ये होंगे कमेटी सदस्य
- जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी
- खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी
- जिला विज्ञान विशेषज्ञ या जिला गणित विशेषज्ञ
- लाभार्थी विद्यालयों के स्कूल मुखिया
शिक्षा विभाग अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को साइकिल उपलब्ध करवाएगा। इसको लेकर स्कूलों से डिमांड मांगी गई है। ये साइकिलें उन छात्रों को उपलब्ध होंगी जिनके गांव में मिडिल स्कूल नहीं और दो किलोमीटर दूर पढ़ने के लिए जा रहे हैं।
- वेद सिंह दहिया, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी