गांव बलियाला में सोमवार रात 63 वर्षीय व्यक्ति की कोविड वैक्सीन लगाने के कुछ समय बाद तबीयत बिगड़ गई। उसे रतिया के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से मंगलवार को उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। जानकारी के अनुसार सोमवार को गांव बलियाला के हेल्थ सेंटर में 45 वर्ष से 60 वर्ष तक के गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों को कोविड वैक्सीन लगाई गई थी। इस दौरान गांव के 63 वर्षीय गुरदीप सिंह व उनकी पत्नी ने भी वैक्सीन लगवाई। इसके कुछ समय बाद पहले से ही शुगर और ब्लड प्रेशर की बीमारी से ग्रस्त गुरदीप सिंह की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें चक्कर आने लगे और घबराहट व बेचैनी होने लगी। इसके बाद परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर गए। उपचार के बाद मंगलवार शाम को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। नागरिक अस्पताल के प्रभारी डॉ. भरत सिंह का कहना है कि गुरदीप सिंह की बीमारी का वैक्सीन से कोई संबंध नहीं है बल्कि पहले से ही शुगर और ब्लड प्रेशर की बीमारी से ग्रस्त हैं। ब्लड शुगर बढ़ने से गुरदीप सिंह को कुछ दिक्कत हुई थी।