गांव नाढ़ोड़ी की गोशाला के चुनाव मतदान करता मतदाता। संवाद
भूना। श्रीकृष्ण गोशाला सेवा समिति की ओर से नाढोड़ी की प्रबंधन कार्यकारिणी का चुनाव रविवार को संपन्न हुए। मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए गए। प्रधान पद पर विजेता घोषित फकीरचंद गोदारा पुत्र भजनलाल को 34 वोट मिले।
चुनाव अधिकारी विकास बंसल ने बताया कि उनके प्रतिद्वंद्वी फकीरचंद गोदारा पुत्र रामप्रताप को 19 वोट ही प्राप्त हुए। सचिव पद पर मेहर मोंगा ने 42 वोट लेकर दीपक कुमार को हराया। दीपक को 14 वोट मिले। सहसचिव पद पर सतविंदर धारनिया को 42 और मुकेश धारनिया को 14 वोट मिले।
मतदान के दौरान गोशाला परिसर में पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए। चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया 8 जून से शुरू हुई थी। प्रधान पद के लिए चार नामांकन दाखिल हुए थे। 15 जून को नाम वापसी की अंतिम तिथि तक हरि सिंह गोदारा और हरि सिंह खिचड़ ने नाम वापस ले लिए। मुकाबला दो उम्मीदवारों के बीच रह गया। उपप्रधान केसर लाल भांभू को निर्विरोध विजेता घोषित किया गया। कोषाध्यक्ष पद के एक अन्य उम्मीदवार धर्मपाल ने भी नाम वापस लिया। इससे कृष्ण कुमार सुथार निर्विरोध चुने गए।
57 मतदाताओं में से 56 ने किया मतदान
गोशाला प्रबंधन समिति के चुनाव में कल 57 मतदाताओं में से 56 मतदाताओं ने मतदान किया, इनमें से तीन मत रद्द हो गए। कुल 53 वैध मतों में पूर्व प्रधान फकीरचंद गोदारा पक्ष में 34 वोट मिले और उनके पक्ष के सहसचिव व सचिन को 42-42 मत मिले। प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों को 14-14 वोटों से संतोष करना पड़ा।