फतेहाबाद में जिला स्तरीय अधिकारियों की मासिक बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा करते एडीसी अनुरा
फतेहाबाद। लघु सचिवालय के सभागार में अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिलास्तरीय अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम विंडो, जनसंवाद पोर्टल और समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निपटान कर एटीआर पोर्टल पर अपडेट किया जाए।
पीएनडीटी एक्ट के तहत अवैध भ्रूण लिंग जांच पर अंकुश लगाने के लिए नियमित कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। सिविल सर्जन ने बैठक में बताया कि पिछले माह में एक एमटीपी रेड की गई है, जिसमें एफआईआर भी दर्ज की गई है। एडीसी ने महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देश दिए कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषणयुक्त आहार, खेल सामग्री, स्वच्छता और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध सुनिश्चित करवाए। वन विभाग ने बताया गया कि पौधरोपण अभियान के लिए ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय किया जा रहा है।
जनस्वास्थ्य विभाग को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने बिजली विभाग को समय रहते ट्रांसफार्मर और लाइनों की मरम्मत सहित आवश्यक तकनीकी उपाय पूरे करने के निर्देश दिए। डीएमसी संजय बिश्नोई ने बताया कि शहर में सफाई व्यवस्था के लिए टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी। सफाई कर्मियों की उपस्थिति पोर्टल पर नियमित दर्ज की जा रही है।
एडीसी ने समाज कल्याण विभाग को पेंशन एवं सहायता योजनाओं का लाभ समय पर लाभार्थियों तक पहुंचाने, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को जिले के सभी राशन डिपो में खाद्य सामग्री की नियमित और पारदर्शी आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा डिपो संचालन की निगरानी करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला परिषद सीईओ सुरेश कुमार, सीटीएम गौरव गुप्ता, रोडवेज जीएम अजय कुमार, डीडीपीओ अनूप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्रोई, सीएमओ डॉ. कुलप्रतिभा, डीएफएससी विनीत जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।