लघु सचिवालय में कई दिनों से खराब पड़ा वाटर कूलर।
फतेहाबाद। लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय परिसर में लगे अधिकांश वाटर कूलर और आरओ सिस्टम खराब पड़े हैं। भीषण गर्मी के बीच अपने कामकाज के लिए दूर-दराज से आने वाले लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। प्रशासनिक अनदेखी के कारण फरियाद लेकर आने वाले लोग प्यासे घूमने को मजबूर हैं।
लघु सचिवालय के डीसी कार्यालय भवन में 10 से अधिक वाटर कूलर लगे हैं लेकिन इनमें से केवल दो ही चालू हालत में हैं। भारतीय परमाणु विद्युत निगम लिमिटेड की ओर से लगवाए ये दो वाटर कूलर ही ठंडा पेयजल उपलब्ध करा रहे हैं। वाटर कूलर खराब होने से लोगों को गर्म पानी पीना पड़ता है या फिर बोतल खरीदनी पड़ती है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
कैंपरों के सहारे बुझ रही कर्मचारियों की प्यास : अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यालयों में कार्यरत स्टाफ के लिए निजी कैंपरों से पानी की व्यवस्था की जा रही है। रोजाना सुबह कार्यालय खुलते ही निजी सप्लायरों से पानी के कैंपर मंगवाए जाते हैं। हालांकि आम जनता के लिए ऐसी कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है जिससे लोगों में नाराजगी है।