फतेहाबाद। नगर परिषद हाउस के गठन के बाद विकास कार्य न होने से खफा प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची ने पार्षदों के साथ वीरवार दोपहर को अपने कार्यालय में बैठक की। जिसमें पार्षदों ने प्रधान के आगे दुखड़ा रोते हुए कहा कि इतनी हिम्मत नहीं है कि गड्ढे तक भरवा सके। बैंच और स्ट्रीट लाइट तक नहीं मिल रही है।
करीब एक घंटे तक चली बैठक में ही प्रधान खिंची ने ईओ सुरेंद्र कुमार को 15 जनवरी को नगर परिषद के हाउस की बैठक बुलाने के लिए पत्र लिखा। बैठक में प्रधान ने कहा कि अब बस बहुत हो गई है, सभी अंदर से भरे पड़े हैं। 15 जनवरी की बैठक आर-पार की होगी। अधिकारियों को बैठक में साफ चेतावनी दी जाएगी। अगर फिर भी काम नहीं हुआ तो पार्षदों को साथ लेकर मुख्यमंत्री और निकाय मंत्री से मिलेंगे।
ऐसे में 15 की बैठक के बाद बदलाव देखने को मिलेंगे। बैठक के दौरान मौजूद प्रधान की पत्नी अंजू बंसल ने कहा कि जरूरत पड़ी तो नगर परिषद कार्यालय के आगे दरी बिछाकर धरना देंगे। इससे पहले बैठक में पार्षद मोहन लाल नारंग ने कहा कि एक साल पहले अलग-अलग कमेटियां देखरेख के लिए बनाई गई थी। मगर उनका आज तक नोटिफिकेशन ही नहीं हुआ है। अगर अधिकारी उन्हें चोर समझते हैं, तो पार्षदों ने अपने स्तर पर वार्डों में लाइट लगवा रखी हैं, उसे उतरवा लेते हैं। नगर परिषद को डबल इंजन की सरकार कहा जाता है जबकि हालात ये है कि सभी इंजन फेल हो रखे हैं।
एक्सईएन-प्रधान दोनों से कहा, फिर भी नहीं भरे गए गड्ढे
पार्षद प्रतिनिधि राजेंद्र आहुजा ने कहा कि वार्ड में गड्ढे भरवाने के लिए प्रधान को कहा गया। इसके बाद एक्सईएन को भी कहा गया है, लेकिन फिर भी गड्ढे नहीं भरे गए हैं। इस कारण उनके वार्ड के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
- पार्षदों के खिलाफ राजनीतिक षडयंत्र रचा जा रहा
बैठक में पार्षद चंद्रभान वधवा ने कहा कि उनके खिलाफ राजनीतिक षडयंत्र रचा जा रहा है। नगर परिषद के पास 70 करोड़ रुपये बजट होने के बावजूद शहर में काम नहीं हो रहे हैं। जनता दुखी है, पार्षदों की कोई सुनवाई नहीं करता है। उन्होंने प्रधान से कहा कि आप सख्त कदम उठाएं, सभी आपके साथ हैं।
-
प्रधान की पत्नी बोले, धरना-प्रदर्शन करेंगे, दरी बिछा देंगे
बैठक में नगर परिषद प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची की पत्नी अंजू बंसल खिंची भी मौजूद रही। उन्होंने कहा कि बहुत समय हो गया काम नहीं हो रहे हैं। 15 जनवरी के बाद काम नहीं हुए तो सीएम को शिकायत देंगे। जरूरत पड़ी तो नगर परिषद कार्यालय में दरी बिछा देंगे। धरना-प्रदर्शन करेंगे। अंजू बंसल ने बिना नाम लिए कहा कि जनता को पता है कि पहले कौन अड़चन बना हुआ था और अब भी किस के इशारे पर काम नहीं हो रहे हैं।
-
बैठक में ये पार्षद रहे मौजूद
बैठक में पार्षद ज्योति मेहता, संजय रूखाया, सुभाष नायक, अनिल गर्ग, मोहन लाल नारंग, कपिल खत्री, सुरेंद्र डिंगवाल, सुखदेव सिंह, प्रतिनिधि राजेंद्र आहुजा आदि मौजूद रहे।
काम न होने से पार्षद खफा हैं। प्रस्ताव डीएमसी के पास भेजे जा चुके हैं। जल्द से जल्द मंजूरी को लेकर जिला नगर आयुक्त से मिलूंगा। 15 जनवरी की हाउस की बैठक रखी गई है। उसमें पिछले एजेंडों पर समीक्षा की जाएगी।
- राजेंद्र सिंह खिंची, प्रधान, नगर परिषद, फतेहाबाद।