जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी शोभराज बत्रा धर्मशाला में सीवरेज कनेक्शन बंद करते हुए
फतेहाबाद। जनस्वास्थ्य विभाग शहर में पानी और सीवरेज के अवैध कनेक्शन पर सख्त हो गया है। बुधवार को जनस्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर में अवैध सीवरेज और पानी के कनेक्शन को बंद करने का अभियान चलाया। टीम ने शहर के मॉडल टाउन स्थित शोभराज बत्रा धर्मशाला और इसके बाहर बनी रेस्टोरेंट एवं शिक्षण संस्थानों समेत पांच दुकानों के सीवरेज कनेक्शन अवैध मिलने पर बंद कर दिए। इसके अलावा भूना मोड पर स्मार्ट बाजार मॉल का भी सीवरेज कनेक्शन बंद किया गया है। टीम ने इसके अलावा 10 कमर्शियल जगहों के पानी कनेक्शन काटे हैं, टीम ने कुल 17 जगहों पर कनेक्शन बंद किए हैं।
जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से आचार संहिता लगने से पहले शहर में अवैध पानी कनेक्शन काटने को लेकर अभियान चलाया गया था, लेकिन इसे बाद में बंद कर दिया गया। अब फिर से विभाग ने अभियान शुरू किया है। बुधवार को एसडीओ सतपाल रोज के निर्देश पर जनस्वास्थ्य विभाग कर्मी तरुण मेहता ने 22 संस्थानों की सूची लेकर टीम के साथ बीघड़ रोड पर कंफेक्शनरी, हिसार रोड पर सर्विस स्टेशन, कार गैरिज, रतिया चुंगी पर मिठाई दुकानों, सबमर्सिबल स्टोर, शोभराज बत्रा धर्मशाला और इसके बाहर बनी दुकानें, भट्टू रोड पर शिक्षण संस्थान, भूना रोड पर स्मार्ट बाजार समेत 17 जगहों का कनेक्शन अवैध मिलने पर बंद किया। संबंधित लोगों को नोटिस देकर कनेक्शन वैध करवाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों की माने तो इन्हें पहले भी नोटिस दिए जा चुके हैं।
शहर में 1300 से ज्यादा अवैध कनेक्शन
जनस्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक शहर में 1359 अवैध कनेक्शन हैं। जबकि आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा है। इसके अलावा करीब पांच करोड़ रुपये वैध कनेक्शनों का बिल बकाया है। जनस्वास्थ्य विभाग पानी का हर माह 60 रुपये और मीटर न होने पर 120 रुपये वसूलता है जबकि कमर्शियल कनेक्शन के 120 रुपये और मीटर न होने पर 1250 रुपये प्रति माह वसूला जाता है।
कोट
जनस्वास्थ्य विभाग की टीम अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई कर रही है। बुधवार को 17 जगहों के कनेक्शन बंद किए गए है। विभाग की तरफ से नोटिस दिए जा रहे हैं कि जो कनेक्शन अवैध है उसे वैध करवा लें नहीं तो परेशानी झेलनी पड़ेगी।
-सतपाल रोज, एसडीओ जनस्वास्थ्य विभाग