फतेहाबाद। आपने मुझ तक उसे नहीं आने दिया होगा। मैं चंडीगढ़ से चलकर आया हूं। पूरा प्रशासन यहां बैठा है। सारा अमला हमने यहां बिठा रखा है। अगला संतुष्ट होकर घर बैठा है। हम फालतू हैं। उसके पास इतना भी समय नहीं है कि आकर अपनी बात बताएं। उक्त बातें मंत्री कृष्ण बेदी ने बिजली निगम के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कही।
जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक में बिजली निगम से जुड़ी शिकायत में शिकायतकर्ता के न पहुंचने पर मंत्री बेदी ने बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता कृष्ण कुमार से नाराजगी जताई। इस पर कार्यकारी अभियंता से कहा कि उन्होंने शिकायतकर्ता को फोन किया था लेकिन उसने कहा कि वह खेत में व्यस्त है। इस पर मंत्री ने उनको फटकार लगाते हुए शिकायत को लंबित रखने और अगली बार शिकायतकर्ता को बुलाने के निर्देश दिए।
जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक शनिवार को करीब 10 माह बाद मंत्री ने ली। पिछले साल मंत्री श्रुति चौधरी ने बैठक ली थी। इसके बाद वे 10 माह अनुपस्थित रहीं। उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ही बैठक ले रहे थे। अब सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी को अध्यक्ष बनाए जाने के बाद वे बैठक लेने पहुंचे। डीपीआरसी भवन में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित 12 मामलों की सुनवाई की गई।
बैठक में मंत्री ने कई मामलों में शिकायतकर्ताओं के अनुपस्थित रहने पर सख्त रुख अपनाया। एक मामले में जब शिकायतकर्ता उपस्थित नहीं हुआ तो मंत्री ने कहा कि एसएचओ को भेजकर उसे बुलाया जाए। बैठक के दौरान मंत्री ने एक अन्य मामले की सुनवाई में जिला शिक्षा अधिकारी अनीता बाई को निर्देश दिए कि जिले में चल रहे बिना मान्यता प्राप्त स्कूलों की पहचान कर उन्हें बंद किया जाए। इसके साथ ही इस संबंध में अगली बैठक में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
-
एसडीओ से बोले-अगली बार तैयारी करके आएं
बैठक में बड़ोपल गांव से संबंधित पाइप लाइन संबंधी शिकायत को सुनते हुए बेदी ने सिंचाई विभाग के एसडीओ से कहा कि यह पहली मीटिंग है अगली बार से पूरी तैयारी करके आएं। हर चीज का स्पष्ट ब्योरा दिया जाना चाहिए। कोई टेंडर कब लगा, कब काम शुरू हुआ यह जानकारी स्पष्ट होनी चाहिए।
-
बीजेपी नेता ने रखी गड़बड़ी की शिकायत
मीटिंग में रतिया मार्केट कमेटी के उपाध्यक्ष कुलवंत सैनी ने शिकायत दी है कि नगर पालिका के अधिकारी, ठेकेदारों और भू-माफिया लोगों से मिलकर अवैध रूप से काटी गई कॉलोनी में सड़कों का निर्माण करवा रहे हैं। जमीन प्राइवेट आदमियों के नाम है और अवैध तरीके से कॉलोनी काटी गई है। इसकी जांच करवाई जाए। इस पर मंत्री ने डीएमसी प्रवीण कुमार से पूछा तो उन्होंने बताया कि सचिव से रिपोर्ट ली गई। मैंने भी निरीक्षण किया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने फिर से बात रखनी चाही तो मंत्री बेदी ने कहा कि आपने शिकायत दे दी है उसकी जांच करवाई जाएगी। जो भी कार्रवाई होगी वह की जाएगी। ऐसा नहीं माना जाएगा कि आप ही सही बोल रहे हो। मंत्री ने डीएमसी को कहा कि ये भी चेक करवाएं कि हाउस बैठक में पास हुआ है या नहीं।
-
मंत्री ने मांगी पानी की टीडीएस रिपोर्ट
गांव पीलीमंदौरी के निवासियों द्वारा पेयजल समस्या उठाए जाने पर मंत्री ने अधिकारियों को गांव में नियमित एवं पर्याप्त स्वच्छ पेयजल सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पानी की गुणवत्ता की जांच के लिए टीडीएस टेस्ट करवाकर उसकी रिपोर्ट सोमवार तक डीसी कार्यालय में भेजने को कहा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि गांव में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 6.72 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत हो चुकी है तथा टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
-
शिकायतों की निष्पक्ष जांच के निर्देश
परिवाद गांव गाजूवाला निवासी बबीता द्वारा दी गई शिकायत पर सुनवाई करते हुए मंत्री ने पुलिस विभाग को दोनों पक्षों की शिकायतों की निष्पक्ष एवं गहन जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों का कानून व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।
-
डीईईओ बोलीं- स्कूल बंद करवा दिया, शिकायतकर्ता का इन्कार
गांव बनमंदौरी निवासी राकेश कुमार की शिकायत पर सुनवाई करते हुए मंत्री ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि जिले में बिना मान्यता के कोई भी स्कूल संचालित नहीं होना चाहिए। इस पर डीईईओ ने बताया कि संबंधित स्कूल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे बंद करवा दिया गया है। शिकायतकर्ता द्वारा असंतोष जताने पर मंत्री ने विभाग को पुन: जांच करने और तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यदि स्कूल बंद पाया गया और शिकायत निराधार हुई तो शिकायतकर्ता के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
-
आखिर में पहुंचे विधायक परमवीर
बैठक में टोहाना के विधायक परमवीर सिंह भी पहुंचे। विधायक आखिर परिवाद की सुनवाई के दौरान पहुंचे। इस दौरान रतिया के विधायक जरनैल सिंह, डीसी डॉ. विवेक भारती, एसपी निकिता खट्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति के गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
-
मीडिया के सामने बीजेपी मंत्री ने कांग्रेस विधायक जनरैल को डाली झप्पी
मंत्री कृष्ण बेदी की बैठक में रतिया से कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह मौजूद रहे। जबकि विधायक जरनैल सिंह वीरवार को सांसद कुमारी सैलजा की दिशा की बैठक में अनुपस्थित रहे थे। मीडिया ने जब विधायक जरनैल सिंह के बारे में मंत्री से सवाल पूछा तो उन्होंने उनको गले लगा दिया।
फतेहाबाद में जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक में जन सुनवाई करते सामाजिक न्याय अधिकार