फतेहाबाद। गांव जांडवाला सोत्तर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मामले में पुलिस ने उसके पति सतीश को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।
जांच अधिकारी सुमित ने बताया कि 25 सितंबर को गांव में विवाहिता मुकेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सीन ऑफ क्राइम टीम की सहायता से घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई की।
मृतका के भाई प्रवीन निवासी गांव मदनपुरा, जिला हिसार ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी बहन की शादी वर्ष 2009 में सतीश के साथ हुई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सतीश शराब पीकर उसकी बहन के साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।
भाई के अनुसार इसी प्रताड़ना से परेशान होकर मुकेश ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शिकायत पर 25 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की थी। अब पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार किया है।