फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: हंगामेदार रही हाउस की बैठक, नहीं बन सकी पेमेंट अप्रूवल कमेटी

विज्ञापन
  नगर परिषद कार्यालय में खड़े होकर पेमेंट अप्रूवल कमेटी बनाने की मांग करते  उपप्रधान पक्ष के पा
विज्ञापन
फतेहाबाद। नगर परिषद कार्यालय में बुधवार को प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची की अध्यक्षता में विवाद के आठ दिन बाद हाउस की बैठक हुई। बैठक में प्रत्येक वार्ड में 30-30 लाख से विकास कार्य करवाने और सफाई के लिए 90 कर्मचारी अनुबंध पर रखने का प्रस्ताव पास हुआ। फव्वारा चौक महाराजा अग्रसेन के नाम से जाना जाएगा। संस्था ही इसका सुंदरीकरण करवाएगी। बैठक में तीन कमेटियों की घोषणा की गई, लेकिन पेमेंट अप्रूवल कमेटी नहीं बनी।बैठक में इस बार प्रधान राजेंद्र खिंची पक्ष के पार्षदों की तरफ से उपप्रधान कक्ष के कमरे को लेकर मुद्दा उठाया गया। पार्षद मोहन लाल नारंग और प्रतिनिधि योगी हंसराज ने प्रश्न रखा कि किस नियम से कक्ष बना है, बताया जाए। इसको लेकर बैठक में हंगामा हो गया। प्रधान और उपप्रधान पक्ष के पार्षदों के बीच नोकझोंक हुई। उपप्रधान सविता टुटेजा ने कहा कि दूसरी परिषदों में चेक करवा लें, अगर वहां न बना हो तो कक्ष छोड़ दूंगी। यूं तो बैठक में पार्षद प्रतिनिधि भी नियम अनुसार नहीं आ सकते हैं। एक्सईएन अमित कौशिक भी बीचबचाव करते नजर आए। बैठक के अंत में उपप्रधान पक्ष के पार्षदों ने जवाब मांगा तो प्रधान खिंची बिना बोले हुए निकल गए। बैठक में पार्षद रविंद्र मेहता ने ठेकेदार और अधिकारियों पर जमकर भड़ास निकाली और कहा कि ठेकेदार एमसी से मिन्नतें निकलवाते हैं जैसे हम भीख मांग रहे हैं। पार्षदों को जलील होना पड़ रहा है। बैठक में पार्षद अनिल गर्ग और मोहन लाल नारंग में भी तीखी नोकझोंक हुई।
विज्ञापन

कार्यकारी अभियंता अमित कौशिक ने कहा कि 10 जनवरी से पहले वार्डों को करीब दो हजार लाइटें मिल जाएंगी। मुंबई की एजेंसी ने ये लाइटें देनी है। बैठक में पार्षद अनिल गर्ग ने कहा कि आउटर कॉलोनियों को ज्यादा लाइटें मिलनी चाहिए।

प्रधान ने इन कमेटियों का किया गठन
बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन क्वालिटी कमेटी
मोहन लाल नारंग पार्षद वार्ड नंबर 12
रमेश गिल्होत्रा पार्षद वार्ड नंबर 6
नीलम आहुजा पार्षद वार्ड नंबर 7
नीलम रानी पार्षद वार्ड नंबर 15
किरण बाला पार्षद वार्ड नंबर 4

सिटी लाइट, पार्क मेंटेनेंस और टॉयलेट क्लीननेस कमेटी
सुखदेव सिंह पार्षद वार्ड नंबर 14
मनोज भ्याणा पार्षद वार्ड नंबर 11
अर्जुन कटारिया पार्षद वार्ड नंबर 23
राधा सुधार पार्षद वार्ड नंबर 13
निलांशी शर्मा पार्षद वार्ड नंबर 2

डोर-टू-डोर और प्रॉपटी आईडी निरीक्षण कमेटी
सुरेंद्र डिंगवाल पार्षद वार्ड नंबर 3
ज्ञान सिंह पार्षद वार्ड नंबर 16
कपिल खत्री पार्षद वार्ड नंबर 26
संजय रूखाया पार्षद वार्ड नंबर 17
निर्मल सिवाच, वार्ड नंबर 19

स्टोरम वाटर सीवरेज लाइन के लिए जनस्वास्थ्य विभाग को ट्रांसफर होगा फंड
नगर परिषद हाउस बैठक में मॉडल रोड के निर्माण से पहले पानी निकासी के लिए स्टोरम वाटर सीवरेज लाइन को लेकर मुद्दा उठा। कार्यकारी अभियंता अमित कौशिक ने कहा कि स्टोरम वाटर सीवरेज लाइन के लिए जनस्वास्थ्य विभाग को फंड ट्रांसफर किया जाएगा। पार्षद अनिल गर्ग ने कहा कि एक साल फिर लटक जाएगा। एक्सईन ने जवाब दिया कि नहीं तो जनस्वास्थ्य विभाग लाइन की सफाई नहीं करेगा। फंड ट्रांसफर के प्रस्ताव पर सहमति नहीं मिली और इसे चर्चा के लिए छोड़ दिया गया।
विज्ञापन


अमर उजाला की दिखाई खबर
नगर परिषद की हाउस बैठक में योगी हंसराज ने मुद्दा उठाया कि शौचालयों की सफाई नहीं हो रही है। अमर उजाला की प्रति हाउस में दिखाते हुए कहा कि अगर नहीं पता है तो ये खबर पढ़ लें। पार्षद सुभाष नायक ने कहा कि तीन वार्डों में एक गाड़ी कचरा उठान के लिए जा रही है। ईओ ऋषिकेश चौधरी ने कहा कि शौचालय और डोर-टू-डोर एजेंसी को जुर्माना लगाया गया है। डोर-टू-डोर एजेंसी को 1.70 लाख का जुर्माना लगाया गया है। अगर सुधार नहीं हुआ तो टेंडर रद्द कर दिए जाएंगे।

पपीहा पार्क में रोटरी क्लब लगवाएगा तिरंगा
पार्षद अर्जुन कटारिया ने कहा कि पपीहा पार्क में रोटरी क्लब तिरंगा झंडा लगाना चाहते है। इस पर हाउस ने सहमति दे दी। बैठक में पपीहा पार्क के टूटे ट्रैक ठीक करने की मांग रखी। एक्सईन ने कहा कि यहां पर काम करवाने की मंजूरी दी जाए।

पुराना बस स्टैंड का नाम गीता चौक रखा जाएगा
शहर के पुराना बस स्टैंड के पास चौक का नाम गीता चौक रखने का प्रस्ताव रखा गया। इस पर ये तय हुआ कि अगर इस चौक का नाम पहले नहीं है तो रख दिया जाएगा। ईओ ऋषिकेश चौधरी ने बैठक में कहा कि शहर की सफाई को लेकर 20 लाख से डस्टबिन खरीदें जाएंगे। ये डस्टबिन जैम पोर्टल से खरीदे जाएंगे।
सीएम कार्यक्रम का पार्षद नारंग ने मांगा हिसाब
पार्षद मोहन लाल नारंग ने मुख्यमंत्री के पिछले दिनों हुए कार्यक्रम में नगर परिषद द्वारा खर्च की गई राशि का हिसाब मांगा और कहा कि हाउस को बताया जाए कि कितनी राशि खर्च हुई थी। नारंग ने सवाल किया कि मल्टीपर्पज पार्किंग के बाहर से अतिक्रमण क्यों नहीं हटाया जा रहा है। नारंग ने पार्किंग और नगर परिषद कार्यालय में लगे सोलर सिस्टम को चलाने का प्रस्ताव रखा।

दिवंगत पार्षद वजीर जाखड़ के नाम से होगा रोड
बैठक में उपप्रधान सविता टुटेजा, पार्षद राधा कुलडिय़ा, निर्मल सिवाच ने बीघड़ रोड से स्वामी नगर तक जा रहे मार्ग का नाम दिवंगत पार्षद वजीर जाखड़ के नाम से रखने का प्रस्ताव रखा और कहा कि पहले भी ये प्रस्ताव रखा गया था। इस पर हाउस ने सहमति दे दी।

रतिया चुंगी और भट्टू रोड बाईपास पर लगेगी लालबत्ती
शहर के भट्टू रोड बाइपास और रतिया चुंगी पर प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची ने लालबत्ती लगाने का प्रस्ताव रखा। प्रधान खिंची ने बैठक में 58 एजेंडे रखे। इसके अलावा शहर में सीसीटीवी लगाने, पार्कों का सुंदरीकरण, कॉलेज में 50 बेंच रखवाने, पुराना एसडीएम निवास की जगह पर बेसमेंट में पार्किंग, ग्राउंड फ्लोर पर नगर परिषद कार्यालय बनाने, पहली मंजिल पर लाइब्रेरी और जिम बनाने का प्रस्ताव रखा।

उपप्रधान ने डिवाइडर बनाने का रखा प्रस्ताव
उपप्रधान सविता टुटेजा ने बैठक में सफाई कर्मचारियों के लिए कमरा बनाने और शौचालय बनाने का प्रस्ताव रखा। उपप्रधान ने शहर के आउटर एरिया में लाइटें लगाने, नगर परिषद कार्यालय के सामने फव्वारा चौक से लालबत्ती चौक तक डिवाइडर बनाने का प्रस्ताव रखा। उपप्रधान ने कचरा संग्रह स्थल की जगह पर बड़े डस्टबिन या फिर ट्रॉली खड़ी करने का प्रस्ताव भी रखा। वहीं पार्षद चंद्रभान ने कहा कि माजरा रोड का निर्माण करवाया जाए। अधिकारियों ने कहा कि बीएंडआर इसका प्रपोजल तैयार कर रहा है। पानी निकासी के लिए यहां से रंगाई नाले तक पाइप लाइन बिछाई जाएगी और पंप सेट लगेगा।

पूर्व पार्षद प्रतिनिधि ने बैठक में लगाए ठेकेदार पर आरोप
नगर परिषद की हाउस बैठक में पूर्व पार्षद प्रतिनिधि विनय शर्मा ने ठेकेदार पर आरोप लगाए। विनय शर्मा ने कहा कि सीमा संस्कार स्कूल वाली गली का हाल ही में निर्माण हुआ था। इसमें गड़बड़ी की शिकायत हुई तो ठेकेदार ने उखाड़कर छोड़ दिया। निर्माण नहीं किया जा रहा है जिससे परेशानी हो रही है। ठेकेदार को कहते है तो वह कहता है कि अधिकारी कुछ नहीं कर सकते है।
नाइट स्वीपिंग मशीन बंद करने के मांगे लिखित आदेश
बैठक में नाइट स्वीपिंग मशीन को लेकर फिर मुद्दा उठा। पार्षद नारंग ने कहा कि नाइट स्वीपिंग मशीन को लिखित आदेश पर बंद नहीं किया गया है। अधिकारी इसके लिखित आदेश जारी करवाएं नहीं तो इसके बिल पास हो जाएंगे। ईओ ने कहा कि इसकी जीपीएस सिस्टम से मॉनिटरिंग होती है।

ये भी रखे गए पार्षदों द्वारा प्रस्ताव
- पार्षद निलांशी शर्मा ने मॉडल संस्कृति स्कूल के सामने सडक़ निर्माण का प्रस्ताव रखा
- पार्षद रमेश गिल्होत्रा ने बीघड़ चौक पर लालबत्ती या चौराहा बनाने का प्रस्ताव रखा
- पार्षद चंद्रभान ने वार्ड में बैंच रखने का प्रस्ताव रखा
- पार्षद सुखदेव सिंह ने नई कॉलोनियों में विकास शुल्क कम करवाने का प्रस्ताव रखा
- पार्षद प्रतिनिधि योगी हंसराज ने गलियों की मरम्मत करवाने का प्रस्ताव रखा और कहा कि जल्द मिट्टी डलवाई जाए और बंद रिचार्ज बोर को ठीक करवाया जाए।
- पार्षद ज्ञान सिंह ने स्कूल के लिए रास्ता बनवाने का प्रस्ताव रखा, जिसको लेकर कार्यकारी अभियंता ने मना कर दिया।
- पार्षद अर्जुन कटारिया ने हाउस बैठक की शुरुआत राष्ट्रीय गान से करने का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा पपीहा पार्क के बाहर रेहडिय़ों के पास शौचालय बनाने का प्रस्ताव भी रखा।

हुडा सेक्टर में नगर परिषद करेगी कचरे का उठान, संभालेगी पार्क
पार्षद ज्योति मेहता ने कहा कि हुडा सेक्टर तीन में सफाई और कचरे उठाने को लेकर एनओसी मिल चुकी है। इसके अलावा पार्क को लेकर भी एनओसी मिल गई है। नगर परिषद यहां पर कर्मचारी तैनात करें।

पार्षदों ने एक साथ किया गीता पाठ
नगर परिषद हाउस बैठक में पार्षदों ने एक साथ गीता पाठ किया। गीता जयंती पर 23 दिसंबर को सुबह 11 बजे एक साथ पाठ करने काे लेकर श्रीकृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के सदस्य निमंत्रण देने के लिए पहुंचे थे।

कोट
सरकार के नियम अनुसार तीन कमेटियों का गठन कर दिया गया है। विकास कार्यों में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं होगी और न ही समझौता किया जाएगा। पेमेंट अप्रूवल कमेटी का जल्द गठन होगा।
विज्ञापन

- राजेंद्र सिंह खिंची, प्रधान नगर परिषद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें