फतेहाबाद। हेपेटाइटिस सी और बी के सैंपल नागरिक अस्पताल फतेहाबाद से सात दिन बाद अंबाला लैब में पहुंचे है। पिछले मंगलवार को नागरिक अस्पताल में हेपेटाइटिस सी को लेकर 20 और बी को लेकर 5 सैंपल मरीजों के लिए गए थे। लेकिन ये सैंपल अंबाला के सरकारी अस्पताल में जांच के लिए भेजे ही नहीं गए और तय तापमान पर स्टोर किए गए। अधिकारियों के अनुसार किसान आंदोलन के चलते रास्ते बंद और फिर हड़ताल इसके बाद छुट्टियों के चलते सैंपल तय समय पर अंबाला नहीं पहुंच पाए।
इसके चलते सोमवार सुबह सैंपल अंबाला भेजे गए हैं। यहां से अब सैंपलों की जांच करके रिपोर्ट आने में तीन से चार दिन का समय लग सकता है। वहीं मंगलवार को अब प्रतीक्षा सूची में शामिल मरीजों के हेपेटाइटिस सी और बी के सैंपल लिए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग पहले अनुबंध पर निजी लैब में सैंपलों की जांच करवाता था। लेकिन वर्ष 2022 में सैंपलों की जांच आरटीपीसीआर लैब में करने के निर्देश दिए गए। लेकिन कुछ माह जांच के बाद माइक्रोबायोलॉजिस्ट का तबादला हो गया। इसके चलते सैंपल रोहतक पीजीआई भेजे गए। लेकिन अब करीब एक माह से सैंपलिंग बंद थी और अब अंबाला शुरू की गई है। करीब 150 मरीजों के सैंपल पेंडिंग है।
कोट
पिछले मंगलवार को सैंपल लिए गए थे लेकिन किन्हीं कारणों से भेजे नहीं जा सकें है। सैंपलों को सोमवार को अंबाला भेज दिया गया है। जल्द जांच रिपोर्ट आ जाएगी।
-डॉ. मनीष टुटेजा, विशेषज्ञ, नागरिक अस्पताल