भूना। ढाणी में कमरे के अंदर टूटे हुए संदूक व अलमारी के दरवाजे
- फोटो : 1
भूना। गांव चौबारा के साथ लगती दो अलग-अलग ढाणियों में चोरों ने देर रात धावा बोलकर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के बाद दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौबारा निवासी बलजीत पुत्र माडूराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात करीब 12 बजे अज्ञात चोर उनकी ढाणी में घुस आए। चोरों ने संदूक और अलमारियों के ताले तोड़कर करीब डेढ़ तोला सोना, 10 ग्राम चांदी और 1 लाख 90 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। सुबह सामान बिखरा मिलने पर परिवार को चोरी का पता चला।
वहीं सुभाष पुत्र दलीप सिंह ने बताया कि रात को परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। सुबह करीब 5 बजे उठने पर घर में संदूक और अलमारी के ताले टूटे मिले। चोर घर से करीब दो तोला सोने के आभूषण, चांदी के गहने और 55 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए।
घटना की जानकारी मिलने पर सरपंच जोगिंदर सिंह ओला ग्रामीणों के साथ थाना भूना पहुंचे और पुलिस से चोरों का जल्द पता लगाकर चोरी का सामान बरामद करने की मांग की।
थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज ली हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच कर रही है और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। जल्द आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।