फतेहाबाद के हिसार रोड पर जाम में फंसे वाहन चालक स्त्रोत सोशल मीडिया
फतेहाबाद। शहर में ट्रांसपोर्टरों के भारी वाहनों की आवाजाही के कारण शुक्रवार दोपहर भूना मोड़ से हिसार रोड तक जाम की स्थिति बनी रही। भीषण गर्मी के बीच सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं जिससे वाहन चालकों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम के कारण कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई।
सिरसा रोड से हिसार रोड पर ट्रांसपोर्ट की तरफ ट्रक मोड़ने से यातायात प्रभावित हुआ। हिसार रोड पर यातायात का दबाव बढ़ने पर हालात और बिगड़ गए। जाम में फंसे दोपहिया, कार और अन्य छोटे वाहन चालकों को गर्मी के बीच लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। वाहन चालक विजय, राकेश कुमार ने बताया कि शहर के व्यस्त मार्गों पर दिन के समय भारी वाहनों की आवाजाही के कारण अक्सर जाम लग जाता है।
उनका कहना है कि दोपहर के समय तापमान अधिक होने के बावजूद लोगों को सड़क पर खड़ा रहना पड़ता है जिससे परेशानी कई गुना बढ़ जाती है। चालकों ने मांग की कि शहर के अंदर दिन के समय बड़े वाहनों की एंट्री पर रोक लगाई जाए और उनके लिए निर्धारित समय तय किया जाए। ट्रांसपोर्ट से जुड़े भारी वाहनों के कारण कई बार यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। यदि प्रशासन की ओर से प्रभावी यातायात प्रबंधन किया जाए तो जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।