भूना (फतेहाबाद)। गांव चंद्रावल के राजकीय उच्च विद्यालय में छात्राओं को व्हाट्सएप पर भेजे गए आपत्तिजनक मैसेज मामले में पुलिस ने स्कूल के हेडमास्टर कैलाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हेडमास्टर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें हिसार जेल भेज दिया गया। मगर, बाद में अदालत ने जमानत के आदेश जारी कर दिए।
गौरतलब है कि राजकीय उच्च विद्यालय चंद्रावल में आठवीं कक्षा की छात्रा को व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक मैसेज भेजने के मामले में संस्कृत अध्यापक बबरूभान के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज करने के लिए नौ दिसंबर को पीड़ित पक्ष की तरफ से शिकायत दी गई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। वहीं, 12 दिसंबर को शिक्षा विभाग ने पांच सदस्यों की गठित टीम ने जांच रिपोर्ट भी तैयार कर ली। डीईईओ वेद सिंह दहिया ने प्रारंभिक जांच के आधार पर संस्कृत अध्यापक बबरूभान को निलंबित कर दिया गया था। मंगलवार को पुलिस ने स्कूल के हेडमास्टर कैलाश चंद्र जांगड़ा को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, हेडमास्टर कैलाश चंद्र का कहना है कि वह बेकसूर हैं। वह दो दिसंबर से सात दिनों की छुट्टी लेकर अपनी भांजी की शादी में भात भरने कोटा चले गए थे। उनकी रिटायरमेंट भी 31 दिसंबर को होनी है।
राजकीय उच्च विद्यालय चंद्रावल में छात्राओं को मोबाइल पर मैसेज भेजने के मामले में स्कूल के हेडमास्टर कैलाश चंद्र को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। पुलिस मुख्य आरोपी बबरू भान की भी तलाश कर रही है।
-अनूप सिंह, प्रभारी, भूना थाना