भट्टू कलां। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ 31 जुलाई को करनाल में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगा। जिला सचिव देसराज माचरा, खंड सचिव सतपाल ढाका, जिला प्रधान सुरजीत दुसाद, जिला उपप्रधान हरपाल हुडा ने बताया कि यह फैसला राज्य प्रधान धर्मेंद्र ढांडा की अध्यक्षता में रोहतक में हुई राज्य स्तरीय बैठक में लिया गया था।
उन्होंने कहा कि हमने बार-बार हरियाणा सरकार को ज्ञापन दिए, प्रदर्शन किए, यमुनानगर में लगातार 180 दिनों तक क्रमिक अनशन किया। कुर्मी कमीशन के बाद कुछ बातों पर सहमति बनी थी, लेकिन उसे भी सिरे नहीं चढ़ाया गया। अतिथि अध्यापकों को एलटीसी का लाभ नहीं दिया जा रहा है। अन्य अध्यापकों के लिए भी बजट जारी नहीं किया जा रहा है। अंतर जिला तबादला में एनीव्हेयर में गए जेबीटी अध्यापकों को समायोजित नहीं किया जा रहा है।
अतिथि अध्यापकों को रिटायरमेंट पर एकमुश्त लाभ नहीं दिया जा रहा है, जबकि सरकार ने 2022 में ही इसके संबंध पत्र जारी कर दिया था। जिस पर वित्त विभाग से स्वीकृति मिलनी बाकी थी। अध्यापकों के एसीपी समय पर नहीं लगाए जा रहे हैं। बार-बार ऑब्जेक्शन लगाकर मामले वापस कर दिए जाते हैं। सभी वर्गों के अध्यापकों के तबादले यथाशीघ्र जारी किया जाएं। 50 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले सभी अध्यापकों के एसीपी लगाई जाए। क्योंकि जब उनकी नियुक्ति हुई थी तो 50 प्रतिशत अंकों की कोई शर्त नहीं थी। यह शर्त 2012 के रूल के अनुसार लगाई गई है, जबकि उनकी नियुक्ति तो बहुत पहले हो चुकी थी।