सांसद सुनीता दुग्गल बोलीं कि ये किसान नेता विपक्षी पार्टियों के सदस्य हैं, जो लोगों को बरगला रहे हैं। वह पीएमश्री विद्यालय में शेड के उद्घाटन समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रही थी।
सिरसा लोकसभा की सांसद सुनीता दुग्गल ने धरना-प्रदर्शन कर रहे किसान नेताओं को विपक्षी दलों का नेता करार दिया है। सांसद ने कहा कि जो लोग धरना व प्रदर्शन कर रहे हैं, वह विपक्ष के नेता हैं। ये नेता कुछ पार्टियों के सदस्य हैं, जो लोगों को बरगलाने का काम कर रहे हैं। सरकार द्वारा किसानों के लिए कई अच्छे कार्य किए जा रहे हैं और जल्द ही बीमा की किश्त भी जारी हो जाएगी। मुख्यमंत्री व कृषि मंत्री किसानों के मुद्दों को लेकर संजीदा है।
विज्ञापन
सांसद सुनीता दुग्गल मंगलवार को फतेहाबाद शहर स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शेड के उद्घाटन समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में करीब 12 लाख रुपये की लागत से बने शेड का उद्घाटन किया। इस प्रार्थना सभा शेड का निर्माण स्वामी सदानंद प्रणामी गो सेवा चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से करवाया गया है। एक शेड का निर्माण सांसद निधि कोटे से किया गया है।
आशा वर्कर्स का मसला जल्द सुलझ जाएगा
सांसद सुनीता दुग्गल ने आशा वर्कर्स की हड़ताल को लेकर कहा कि उनकी मुख्यमंत्री मनोहर लाल से इस संबंध में बात हुई है। जल्दी ही आशा वर्कर्स के मसले को भी सुलझा लिया जाएगा। दुग्गल ने कहा कि जी-20 से भारत का मान बढ़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति कर रहा है। विदेशों में भी भारत की ताकत बढ़ी है। अफ्रीकन यूनियन को भारत की लीडरशिप में जी-20 में शामिल किया गया है।
विज्ञापन
सांसद कोटे का 50 फीसदी बजट स्कूलों पर खर्च किया
दुग्गल ने कहा कि उन्होंने अपने सांसद कोटे से 50 प्रतिशत से भी अधिक बजट स्कूलों में शेड, शौचालय, लाइब्रेरी, कमरों का निर्माण व रखरखाव आदि विभिन्न विकास कार्यों के लिए खर्च किया है ताकि स्कूलों में विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध हो। उन्होंने छात्राओं से कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलों में विशेष रुचि रखें। हमेशा चरित्र का निर्माण करें।