शहर के फोरलेन बाईपास पर किसान आंदोलन के चलते किसानों ने लंगर की व्यवस्था कर रही है। इसको चलाने के लिए कमेटी गठित है। 31 मार्च रात को गांव अहरवां के पास लंगर खजांची से पिस्तौल के बल पर मारपीट कर एक लाख रुपये व सोने का कड़ा छीनने का मामला सामने आया है। सदर पुलिस ने गांव अरहवां निवासी रणजीत सिंह की शिकायत पर गांव अहरवां निवासी आरोपी गुरशरण, मेहरबान, सुखा के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में अरहवां निवासी रणजीत सिंह ने बताया कि वह खेतीबाडी़ का काम करता है। किसान आंदोलन के कारण फतेहाबाद बाईपास पर किसानों ने लंगर चला रखा है जिसका वह खजांची है। 31 मार्च की रात को वह लंगर स्थल से अपनी गाड़ी से अरहवां के लिए रवाना हुआ। उसके पास एक लाख रुपये की नकदी थी। वह अपनी गाड़ी लेकर पालसर रोड ढाणी में जा रहा था इसी दौरान आरोपियों ने उसे रोक लिया। आरोपी गुरशरण के हाथ में तलवार व मेहरबान पिस्तौल लेकर आ गया। वहीं आरोपी सुखा सिंह के हाथ में बेट था। रणजीत सिंह ने आरोप लगाया कि तीनों ने पिस्तौल के बल पर जेब से एक लाख रुपये और हाथ से कड़ा निकाल व मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। शोर सुनकर परिवार व आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। परिवार के लोगों ने उसे फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। यहां से उसे रेफर कर दिया गया और उसका फिलहाल हिसार के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।