फतेहाबाद। फोरलेन पर हांसपुर रोड क्रॉसिंग को बंद करने की बहुप्रतीक्षित मांग जल्द पूरी होने जा रही है। करीब दो से तीन माह में फोरलेन पर हांसपुर रोड क्रॉसिंग को एनएचएआई बंद कर देगा। हांसपुर और नागपुर की तरफ जाने वाले लोगों को सर्विस लेन से होकर रतिया रोड पर बने ओवरब्रिज के नीचे होकर पार करना होगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने हांसपुर रोड से रतिया रोड ओवरब्रिज तक सर्विस लेन बनाने का काम शुरू कर दिया है।
अधिकारियों की माने तो करीब दो से तीन माह में दोनों तरफ सर्विस लेन बनाने का काम पूरा हो जाएगा। हादसों को रोकने के लिए एनएचएआई ने फोरलेन पर ही चार नए ओवरब्रिज बनवाए हैं। इसके अलावा हांसपुर रोड क्रॉसिंग को बंद करने का प्रस्ताव भी इसी में था। बता दें कि हांसपुर रोड क्रॉसिंग पर रोजाना दुर्घटनाएं होती हैं, कई लोगों की जान भी जा चुकी है। वहीं हांसपुर रोड क्रॉसिंग बंद होने से ये जरूर है वाहन चालकों को थोड़ा लंबा रास्ता तय करना होगा। संवाद
66 करोड़ से बनाए गए है चार ओवरब्रिज
हिसार-डबवाली फोरलेन पर सड़क हादसों को रोकने के लिए जिले में चार ओवरब्रिज बनाए गए हैं। इसमें गांव बड़ोपल, धांगड़, खाराखेड़ी और दरियापुर का ओवरब्रिज शामिल है। इन ओवरब्रिज पर करीब 66 करोड़ रुपये की लागत आई है। अधिकारियों की माने तो गांव खाराखेड़ी और बड़ोपल और धांगड़ ओवरब्रिज का काम पूरा हो चुका है और दरियापुर के ओवरब्रिज का काम भी जल्द पूरा होने वाला है। ओवरब्रिज तैयार होने के बाद हिसार-डबवाली फोरलेन से वाहन ऊपर से ही गुजर सकेंगे और ग्रामीण नीचे क्रॉसिंग कर सकेंगे।
हांसपुर रोड क्रॉसिंग पर हो रहे रोजाना एक से दो हादसे
फोरलेन पर हांसपुर क्रॉसिंग पर रोजाना एक से दो हादसे होते हैं। फतेहाबाद से पंजाब और हांसपुर, नागपुर व रास्ते के गांवों में जाने वाले लोग फोरलेन को क्रॉस करके गुजरते हैं। अहम बात यह है कि हिसार और सिरसा की तरफ से तेज रफ्तार आने वाले वाहन सड़क पार कर रहे वाहनों से टकरा जाते हैं। हालांकि फतेहाबाद और हांसपुर की तरफ से आने वाले वाहनों की रफ्तार को कम करने के लिए दोनों साइड ब्रेकर भी बनाए गए हैं।
क्रॉसिंग पर पत्नी खोई और खुद दो साल से कोमा में
ढाणी ईसर निवासी रामकुमार फतेहाबाद परिवार के साथ खरीददारी करने के लिए आए थे। फतेहाबाद से वापस ढाणी ईसर लौट रहे थे और जब हांसपुर रोड पर फोरलेन को पार कर रहे थे तो हिसार-सिरसा रोड पर गाड़ी ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में रामकुमार की पत्नी की मौत हो गई और खुद करीब दो साल से कोमा में ही है। ये ही नहीं दो दिन पहले हांसपुर रोड पर फोरलेन पार कर रहे दुपहिया वाहन सवार महिला और व्यक्ति को गाड़ी ने टक्कर मार दी थी।
कोट
फोरलेन पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए चार ओवरब्रिज बनाए गए हैं, लगभग सभी का काम पूरा हो गया है। हांसपुर रोड क्रॉसिंग को बंद किया जाएगा, इसके लिए दोनों तरफ सर्विस लेन बनाए जा रहे हैं। करीब दो माह में ये काम पूरा हो जाएगा।
-अमित कुमार, साइट इंजीनियर, एनएचएआई